Edited By Anil dev,Updated: 26 Jul, 2018 11:06 AM
अगर देर रात सुनसान सड़क पर कोई लड़की लिफ्ट मांग रही हो,तो बिना जांचे परखे अपनी गाड़ी न रोके। वरना आप भी लूटपाट का शिकार हो सकते हैं। द्वारका जिले की पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है,जो लिफ्ट मांगने के लिए लड़कियों को सुनसान सड़क पर खड़ा कर...
नई दिल्ली(नवोदय टाइम्स): अगर देर रात सुनसान सड़क पर कोई लड़की लिफ्ट मांग रही हो,तो बिना जांचे परखे अपनी गाड़ी न रोके। वरना आप भी लूटपाट का शिकार हो सकते हैं। द्वारका जिले की पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है,जो लिफ्ट मांगने के लिए लड़कियों को सुनसान सड़क पर खड़ा कर देते थे। जैसे ही कोई कार या बाइक सवार मदद के लिए जाता। गिरोह के सदस्य उससे लूटपाट और स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देते थे।
सुनील है गिरोह का सरगना
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान सुनील कुमार (25) और विकास कुमार (21) के रूप हुई है। सुनील गिरोह का सरगना है। डीसीपी अंटो अलफोंस ने बताया कि इस तरह की घटनाओं के बारे में पुलिस को सूचना मिल रही थी। मंगलवार को गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद एसीपी ऑपरेशन सुंदर सिंह यादव की देखरेख में स्पेशल स्टाफ इंचार्ज एसआई नवीन कुमार और रंजीव टीम बना आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके निशानदेही पर चोरी की दो स्कूटी, एक बाइक और झपटमारी का मोबाइल बरामद किया है। उनकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने पांच मामले सुलझाने का दावा किया है।
गोवा में पार्टी मनाने की थी तैयारी
आरोपियों ने बताया कि वह लोग अपनी गर्लफ्रेंड के साथ गोवा में मस्ती करने के लिए जाने वाले थे। इसके लिए वह लोग पांच लाख रुपये इक्टठा कर रहे थे। विकास गिरोह की दो महिला सदस्यों के साथ लूट और झपटमारी को अंजाम देता था। गत दिनों द्वारका साउथ इलाके में आरोपी लड़की ने एक बाइक सवार से मदद मांगी और जब वह मदद करने रुका, तो आरोपी सुनील उसका बैग छीनकर फरार हो गया। इस तरह गिरोह के सदस्य कई लोगों को अपना निशाना बना चुके थे। आरोपियों के पास से 1.10 लाख रुपए भी बरामद हुए हैं।