Edited By vasudha,Updated: 22 Mar, 2021 12:59 PM
विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने वरिष्ठ नेताओं की फौज को मैदान में उतार दिया है। भाजपा नेता लगातार चुनावी राज्यों के दौरे पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद आज गृह मंत्री अमित शाह असम ताबड़तोड़ चुनावी रैलियों को संबोधित...
नेशनल डेस्क: विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने वरिष्ठ नेताओं की फौज को मैदान में उतार दिया है। भाजपा नेता लगातार चुनावी राज्यों के दौरे पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद आज गृह मंत्री अमित शाह असम ताबड़तोड़ चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। उन्होने एक रैली को संबाेधित करते हुए कहा कि आपने 5 साल भाजपा को दिए, आज असम विकास के रास्ते पर चल पड़ा है।
अमित शाह के संबोधन की बड़ी बातें इस प्रकार
- 5 साल में क्या एक भी आंदोलन हुआ है? कोई गोली से मरता है क्या? आतंकवाद होता है क्या?
- इसका मतलब साफ है, कि कांग्रेस आती है तो अशांति आती है, भाजपा आती है तो विकास आता है।
- 5 साल पहले असम में कांग्रेस का शासन था। तब आंदोलन चल रहे थे, गोलियां चल रही थीं, लोग मर रहे थे, दिनों-दिनों तक कर्फ्यू लगता था। आतंकवादी खुले आम उत्पात मचा रहे थे, विकास का कहीं पर भी नामो-निशान नहीं था।
- कांग्रेस ने अपनी गोद में बदरुद्दीन अजमल को बैठाया है, अगर इनके हाथ में सत्ता आ गई तो, बे-रोकटोक घुसपैठ होगी।
- राहुल गांधी को मैं सार्वजनिक रूप से पूछता हूं कि आप असम की अस्मिता की बात करते हैं, दूसरी ओर आधुनिक काला पहाड़ बदरुद्दीन अजमल को लेकर चलते हो तो, कैसे असम की अस्मिता की रक्षा करोगे?
अमित शाह की होंगी तीन रैलियां
पार्टी सूत्रों के अनुसार असम में आज गृह मंत्री अमित शाह की तीन रैलियां होनी हैं। पहली रैली जोनाई जिले में दोपहर 12 बजे होगी। दूसरी जोरहाट में दोपहर 1.45 बजे, तीसरी और आखिरी रैली उदलगिरी में 3.50 पर होगी। इसके अलावाआज कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी असम में 2 रैली करने जा रही हैं। प्रियंका की पहली रैली गोलाघाट जिले के सरु पथार में सुबह 11 बजे होगी. दूसरी रैली 1.20 बजे कालियाबोर में होनी है।
कल पार्टी का घोषणापत्र जारी करेंगे नड्डा
नड्डा मंगलवार को आगामी असम विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी का घोषणापत्र भी जारी करेंगे। भाजपा की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक अपने दो दिवसीय असम और पश्चिम बंगाल के दौरे के आखिरी चरण में नड्डा बंगाल के पश्चिमी मिदनापुर जिले के घाटाल में एक रोड शो भी करेंगे। नड्डा सोमवार को टिंगखेंग के राजगढ़ टी इस्टेट फील्ड में एक रैली को सोमवार सुबह 11 बजे संबोधित करेंगे। इसके बाद वह तीताबोर के बोरहोल्ला और फिर बिश्वनाथ जिले के बिहाली में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे।
नड्डा भी असम में भरेंगे हुंकार
भाजपा की विज्ञप्ति के मुताबिक नड्डा मंगलवार को गुवाहाटी स्थित ताज विवांता होटल में भाजपा का चुनावी घोषणापत्र जारी करेंगे। भाजपा ने अपने बयान में कहा कि यह घोषणापत्र असम में भाजपा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार द्वारा पिछले पांच वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिशा-निर्देश में जारी विकास यात्रा में नये आयाम जोड़ेगी। हमारे लिए यह सिर्फ घोषणापत्र नहीं है बल्कि संकल्प पत्र है। नड्डा इसके बाद बंगाल के पश्चिमी मेदिनीपुर पहुंचेंगे और घाटाल शहर में एक रोड शो का नेतृत्व करेंगे।