Edited By Yaspal,Updated: 15 Mar, 2019 11:52 PM
नई दिल्ली : देश का निर्यात फरवरी में 2.44 प्रतिशत बढ़कर 26.67 अरब डॉलर पर पहुंच गया। फार्मास्युटिकल्स, इंजीनियरिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों का निर्यात बढ़ने से कुल निर्यात बढ़ा है। वाणिज्य मंत्रालय...
नई दिल्ली : देश का निर्यात फरवरी में 2.44 प्रतिशत बढ़कर 26.67 अरब डॉलर पर पहुंच गया। फार्मास्युटिकल्स, इंजीनियरिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों का निर्यात बढ़ने से कुल निर्यात बढ़ा है। वाणिज्य मंत्रालय के शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार फरवरी में आयात में 5.4 प्रतिशत की गिरावट रही और यह 36.26 अरब डॉलर पर आ गया। इससे व्यापार घाटा कम होकर 9.6 अरब डॉलर रह गया। एक साल पहले फरवरी, 2018 में आयात और निर्यात का अंतर 12.3 अरब डॉलर का था। समीक्षाधीन महीने में सोने का आयात भी 11 प्रतिशत घटकर 2.58 अरब डॉलर रह गया। एक साल पहले समान महीने में यह आंकड़ा 2.89 अरब डॉलर था। चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-फरवरी की अवधि में निर्यात 8.85 प्रतिशत बढ़कर 298.47 अरब डॉलर पर पहुंच गया। वहीं इस अवधि में आयात 9.75 प्रतिशत बढ़कर 464 अरब डॉलर रहा। चालू वित्त वर्ष के पहले 11 माह में व्यापार घाटा बढ़कर 165.52 अरब डॉलर रहा, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 148.55 अरब डॉलर रहा था।