Edited By Sanjeev,Updated: 07 Oct, 2026 03:19 PM

मुंबई के एक रेस्टोरेंट में डोसे के अंदर मरा हुआ चूहा मिलने के बाद पिछले 28 सितंबर को होटल का लाइसेंस तुरंत सस्पेंड कर दिया गया था। अब इस मामले में नया मोड़ आ गया है। बोरीवली में स्थित राधाकृष्ण होटल के मालिक को वीडियो जारी करने की धमकी भरे फोन कॉल...
मुंबई : मुंबई के एक रेस्टोरेंट में डोसे के अंदर मरा हुआ चूहा मिलने के बाद पिछले 28 सितंबर को होटल का लाइसेंस तुरंत सस्पेंड कर दिया गया था। अब इस मामले में नया मोड़ आ गया है। बोरीवली में स्थित राधा कृष्ण होटल के मालिक को वीडियो जारी करने की धमकी भरे फोन कॉल आने लगे। मामला रफा-दफा करने के लिए 25 लाख रुपए की मांग की गई जिसके बाद जबरन वसूली के लिए महिला को पैसों के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
24 सितंबर को मानसी आचार्य दो पुरुषों और एक बच्चे के साथ राधाकृष्ण होटल गई थीं। खाने के दौरान माहौल तब बिगड़ गया जब आचार्य ने आरोप लगाया कि टेबल के लिए ऑर्डर किए गए मैसूर मसाला डोसा में एक मरा हुआ चूहा मिला है। आचार्य के अनुसार उनके भाई ने डोसा खाना शुरू ही किया था कि उन्हें उसके अंदर एक छोटा मरा हुआ चूहा मिला। यह देखकर वे बुरी तरह चौंक गए और उन्हें तुरंत उल्टी हो गई। इसके बाद शिकायतकर्ता ने बोरीवली पुलिस स्टेशन में फोन करके घटना की जानकारी दी। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ने 28 सितंबर को होटल का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया। होटल के मालिक का दावा है कि इस घटना के कारण होटल बंद होने की कगार पर आ गया था।
इसके बाद होटल के मालिक को वीडियो को और फैलाने की धमकी भरे फोन कॉल आने लगे। आरोप है कि आरोपी ने होटल के मालिक के रिश्तेदारों से भी संपर्क किया और कथित घटना के बारे में खबर फैलाई। कॉलर ने मुआवजे के तौर पर 25 लाख रुपए की मांग की। आरोप है कि बार-बार फोन कॉल करके मालिक को मानसिक रूप से परेशान किया गया और अंत में 6 लाख रुपए पर समझौता हुआ।
29 सितंबर को होटल के मालिक ने बोरीवली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। तब तक कॉलर को नकद में 1 लाख रुपए दिए जा चुके थे। बोरीवली पुलिस ने जाल बिछाया और महिला को बाकी के 6 लाख रुपए लेने के लिए बुलाया। पुलिस ने महिला को जबरन वसूली की रकम लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। फोन करने वाली महिला, जो इस मामले की मुख्य आरोपी है, बोरीवली के गोराई इलाके में रहने वाली 36 साल की मानसी अमित आचार्य है। इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और बोरीवली पुलिस दूसरे आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।