Edited By Yaspal,Updated: 03 Aug, 2022 09:31 PM
राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को नाइजीरिया की 31 वर्षीय महिला में मंकीपॉक्स के संक्रमण की पुष्टि हुई , जिसके बाद दिल्ली में संक्रमितों की संख्या बढ़ कर चार हो गई है। आधिकारिक सूत्रों ने इसकी जानकारी दी
नई दिल्लीः राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को नाइजीरिया की 31 वर्षीय महिला में मंकीपॉक्स के संक्रमण की पुष्टि हुई , जिसके बाद दिल्ली में संक्रमितों की संख्या बढ़ कर चार हो गई है। आधिकारिक सूत्रों ने इसकी जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि दिल्ली में मंकीपॉक्स के नये मामले सामने आने के बाद अब देश में इस संक्रमण से संक्रमितों की संख्या बढ़ कर नौ पर पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि देश में वह पहली महिला है जिसमें मंकीपॉक्स के संक्रमण की पुष्टि हुयी है। मंकीपॉक्स संक्रमण में बुखार हो जाता है और हाथ पर घाव हो जाते हैं।
सूत्रों ने बताया कि महिला को बुखार है और उसके हाथ में घाव हैं, और उसे लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि उसका नमूना जांच के लिये भेजा गया था और बुधवार को उसमें संक्रमण की पुष्टि हुई। उन्होंने बताया कि हाल ही में उसकी किसी विदेश यात्रा की जानकारी नहीं मिली है। गौरतलब है कि दिल्ली में मंकीपॉक्स के पहले मरीज को सोमवार को एलएनजेपी अस्पताल से छुट्टी दी गयी थी।