Edited By Monika Jamwal,Updated: 24 Apr, 2019 12:36 PM
विश्व प्रसिद्ध माता वैष्णो देवी में अब श्रद्धालुओं को चौब्बीस घंटे निशुल्क लंगर सेवा मिलने जा रही है।
जम्मू : विश्व प्रसिद्ध माता वैष्णो देवी में अब श्रद्धालुओं को चौब्बीस घंटे निशुल्क लंगर सेवा मिलने जा रही है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड श्रद्धालुओं को ताराकोट मार्ग पर जल्द ही यह सुविधा मुहैया करवाएगा। बोर्ड इस दिशा में तैयारियों में जुट गया है और 15 मई से यह लंगर चालू हो जाएगा।
ताराकोट मार्ग नया मार्ग है। इस पर भक्तों की सुविधा हेतु श्राइन बोर्ड ने आधुनिक भोजनालय बनवाया है। इस भोजनालय में एक समय में 180 श्रद्धालु एक साथ भोजन कर सकते हैं। सर्दी, गर्मी या बारिश का इस पर कोई असर नहीं होगा। प्रसाद भी निशुल्क ही मिलेगा। श्राइन बोर्ड इस बात की भी व्यवस्था कर रहा है कि अगर श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होती है तो फिर उनके लिए पर्ची सेवा भी रखी जाए।
डोनेशन भी कर सकते हैं
माता के दरबार में श्रद्धालुओं की इच्छा रहती है कि वे दान करें। ऐसे में अगर कोई लंगर के लिए दान करना चाहता है तो उसकी भी व्वस्था रहेगी। भोजनालय के बाहर डोनेशन बाक्स लगाए जाएंगे। भक्त अपनी मर्जी से दान कर सकते हैं। यह राशि लंगर पर ही खर्च की जाएगी। बोर्ड का कहना है कि अगर यह प्रयास सफल रहता है तो फिर मुमकिन है कि माता के पारंपरिक मार्ग पर भी ऐसी व्यवस्था की जाएगी।
यह होगा मैन्यू
बोर्ड ने लंगर के लिए मैन्यू भी तैयार कर रखा है। जहां सुबह के समय चाय, चना, हलवा और पूड़ी नाश्ते में मिलेगा वहीं दोपहर के समय डोगरी खाना होगा। डोगरी खाने में दाल, चावल और अंबल रहेगा। शाम को चाय, मटठी और रस तथा रात्रि के समय सब्जी, दाल, रोटी और मिष्ठान होगा।
सीईओ ने दी जानकारी
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के सीईओ सिमरनदीप सिंह ने कहा कि लंगर व्वस्था की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।