Edited By Priyanka rana,Updated: 16 Apr, 2020 09:14 AM
भारत सरकार ने कोरोना वायरस को लेकर चंडीगढ़ को हॉटस्पॉट की श्रेणी में शामिल किया है।
चंडीगढ़(साजन) : भारत सरकार ने कोरोना वायरस को लेकर चंडीगढ़ को हॉटस्पॉट की श्रेणी में शामिल किया है। प्रशासक वी.पी. सिंह बदनौर ने आलाधिकारियों संग बैठक कर हालात की समीक्षा की। प्रशासक ने भारत सरकार के फैसले के संबंध में बताया कि चंडीगढ़ को हॉटस्पॉट घोषित किया गया है, इसलिए शहर में सख्त प्रतिबंधों की आवश्यकता है।
प्रशासक ने सभी अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि केंद्र सरकार से प्राप्त निर्देशों को सख्ती से लागू किया जाए और निगरानी की जाए। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर थूके जाने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध का आदेश दिया है।
प्रिंसिपल होम सैक्रेटरी को इस संबंध में आवश्यक अधिसूचना जारी करने का निर्देश दिया गया है। एडवाइजर मनोज परिदा ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा सूचित किया गया है कि 20 अप्रैल तक लॉकडाऊन, कफ्र्यू में कोई ढील नहीं दी जानी चाहिए। पुलिस से कफ्र्यू को सख्ती से बनाए रखने का अनुरोध किया गया है।
ऐसे तीन कैटेगरी में बांटा गया :
रैड जोन :
जिस शहर में 18 से ज्यादा कोरोना पॉजीटिव मामले सामने आ चुके हैं।
ऑरेंज जोन :
15 से कम केस जिस शहर में हैं, उसे ऑरेंज कैटेगिरी में रखा गया है।
ग्रीन जोन :
जिस शहर में एक भी केस नहीं है, उसे ग्रीन कैटेगिरी में शामिल किया गया है।
ऑरैंज से ग्रीन कैटेगिरी में होगा कन्वर्ट :
किसी भी शहर में अगर अगले 28 दिन तक कोई केस नहीं आता तो ऑरैंज से ग्रीन कैटेगिरी में कन्वर्ट कर दिया जाएगा।
अभी तक चंडीगढ़ में 21 केस :
चंडीगढ़ में फिलहाल कोरोना पॉजीटिव मरीजों के अब तक 21 मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन इन केसों में से 12 एक्टिव मरीज़ हैं, जिन्हें पी.जी.आई. के नेहरू एक्सटैंशन सैंटर में बनाए कोविड सैंटर में भर्ती किया गया है। अभी तक 9 मरीज़ ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं।