Edited By Seema Sharma,Updated: 17 Jan, 2019 01:38 PM
भारत किन यात्रियों को गगनयान अंतरिक्ष अभियान के लिए भेजेगा उनका चुनाव साल के अंत तक फाइनल हो जाएगा। गगनयान अभियान के लिए भारतीय वायुसेना दिग्गज पायलट की पहचान में जुट गई है।
नई दिल्ली: भारत किन यात्रियों को गगनयान अंतरिक्ष अभियान के लिए भेजेगा उनका चुनाव साल के अंत तक फाइनल हो जाएगा। गगनयान अभियान के लिए भारतीय वायुसेना दिग्गज पायलट की पहचान में जुट गई है। भारत जिस पायलट का चुनाव करेगा उसे कई तरह के परीक्षणों से गुजरना होगा उसके बाद उनका चयन होगा। इंडियन एयरफोर्स के एक सीनियर अफसर के मुताबिक अंतरिक्ष यात्रियों का चुनाव इस साल के अंत तक होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 2022 की शुरुआत में अंतरिक्ष अभियान लॉन्च करने का लक्ष्य तय किया है ताकि देश की आजादी के 75 साल पूरे होने से पहले इस अभियान को लॉन्च किया जा सके।
उन्होंने कहा कि यात्रियों की पहचान और उन्हें ट्रेनिंग देने के लिए काफी कम समय बचा है। उन्होंने बताया कि अंतरिक्ष पर जाने के लिए यात्रियों के लिए औपचारिक अनुरोध लंबित है और वायुसेना इस अभियान के लिए ISRO के संपर्क में है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के लिए सिर्फ तीन क्रू मेंबर का चुनाव किया जाएगा लेकिन पहले पायलट का चयन होगा। पायलट की पहले कई एंगल से जांच होगी उसके बाद उसे ट्रेनिंग जाएगी। पायलट के चयन के लिए क्या मानक होंगे अभी वो तय नहीं हुए हैं। पायलट को आपात स्थितियों से निपटने और परीक्षण विमान चलाने का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अंतरिक्ष मिशन में एक महिला अंतरिक्ष यात्री भी होंगी, जिनका चुनाव मिलिट्री पायलट पूल से किया जाएगा।