Edited By Sanjeev,Updated: 09 Oct, 2026 09:15 AM

अधिकारियों ने बताया कि एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है जिसने सरकारी नौकरी पाने के लिए कथित तौर पर 27 लाख रुपए दिए थे। वह गोवा एक्साइज डिपार्टमेंट में एक अपॉइंटमेंट लेटर लेकर पहुंचा और कुछ देर के लिए एडिशनल एक्साइज कमिश्नर की कुर्सी पर भी बैठ...
पणजी : अधिकारियों ने बताया कि एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है जिसने सरकारी नौकरी पाने के लिए कथित तौर पर 27 लाख रुपए दिए थे। वह गोवा एक्साइज डिपार्टमेंट में एक अपॉइंटमेंट लेटर लेकर पहुंचा और कुछ देर के लिए एडिशनल एक्साइज कमिश्नर की कुर्सी पर भी बैठ गया। गुरुवार को ऑफिस पहुंचने के बाद मनोज तलेकर ने दावा किया कि उसे उस पद पर नियुक्त किया गया है जो IAS अधिकारी अश्विन चंद्रू के ट्रांसफर के बाद खाली हो गया था।
डिपार्टमेंट के कर्मचारियों ने सीनियर अधिकारियों से पता किया तो पाया कि उसके नाम पर कोई अपॉइंटमेंट ऑर्डर जारी नहीं किया गया था। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पणजी के एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि तलेकर को हिरासत में ले लिया गया है और गलत पहचान बताने (impersonation) के आरोप में उसके खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
पूछताछ के दौरान तलेकर ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि उसने अजीत शंखवलकर नाम के व्यक्ति को 27 लाख रुपए दिए थे, जिसने उसे सरकारी नौकरी दिलाने का वादा किया था। अधिकारी ने बताया कि शंखवलकर ने उसे अपॉइंटमेंट लेटर दिया और गोवा के एडिशनल एक्साइज कमिश्नर का पद संभालने को कहा। अधिकारी ने बताया कि तलेकर ने एक ऑर्डर दिखाया जिस पर कथित तौर पर पिछले एक्साइज कमिश्नर के साइन थे और उसमें उसे इस पद पर नियुक्त करने की बात कही गई थी। अधिकारी ने आगे बताया कि शंखवलकर का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।