Edited By Punjab Kesari,Updated: 23 Oct, 2017 02:17 PM
अब यह स्पष्ट हो गया है कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ही भारत के नए सॉलिसिटर जनरल का चयन करेंगे, न कि वित्त मंत्री अरुण जेतली। वे दिन लद गए जब वित्त मंत्री जेतली अपनी मनपसंद के कानून अधिकारियों का चयन करते थे। चाहे भारत के अटार्नी जनरल मुकुल रोहतगी हों...
नेशनल डैस्कः अब यह स्पष्ट हो गया है कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ही भारत के नए सॉलिसिटर जनरल का चयन करेंगे, न कि वित्त मंत्री अरुण जेतली। वे दिन लद गए जब वित्त मंत्री जेतली अपनी मनपसंद के कानून अधिकारियों का चयन करते थे। चाहे भारत के अटार्नी जनरल मुकुल रोहतगी हों या सॉलिसिटर जनरल रंजीत कुमार या फिर लगभग एक दर्जन अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल जिनका चयन मोदी के सत्ता में आने के बाद जून, 2014 में उनके द्वारा किया गया था। मोदी शासन के भीतर नया गुट प्रभावी होने के बाद एक के बाद एक कानून अधिकारी अपना पद छोड़ते गए। अब अमित शाह की तूती बोल रही है।
रंजीत कुमार देश के दूसरे सबसे वरिष्ठ कानून अधिकारी हैं और उन्होंने शुक्रवार को अपने पद से अचानक इस्तीफा दे दिया। उनका इस्तीफा जून में अटार्नी जनरल रोहतगी के इस्तीफे के 5 महीने बाद आया है। अब यह कहा जा रहा है कि गुजरात के एडवोकेट जनरल कमाल त्रिवेदी या भारत के अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता देश के अगले नए सॉलिसिटर जनरल होंगे। त्रिवेदी का नाम पहले भी इस पद के लिए लिया गया था मगर वह गुजरात से दिल्ली आने के लिए राजी नहीं हुए थे। अगर उन्होंने एक बार फिर इंकार कर दिया तब तुषार मेहता ही सॉलिसिटर जनरल होंगे। मेहता बहुत ही संवेदनशील मामलों का निपटारा कर रहे हैं।