Edited By Ramanjot,Updated: 15 Oct, 2026 01:29 PM

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि ड्राइवर समेत कुल 15 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के सटीक कारण का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
हुबली: कर्नाटक के हुबली में गुरुवार तड़के एक प्राइवेट बस का कथित तौर पर नियंत्रण बिगड़ गया और वह सड़क किनारे एक खेत में जा गिरी, जिससे कम से कम 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा तड़के करीब 3 बजे हुआ। मुंबई से बेंगलुरु जा रही बस 'चब्बी क्रॉस' (Chabbi Cross) को पार करने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घायलों में बस का ड्राइवर भी शामिल है। पुलिस ने बताया कि ड्राइवर ने कथित तौर पर गाड़ी से अपना नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण बस सड़क से उतरकर खेत में जा घुसी। पुलिस के मुताबिक, हादसे की वजह से ड्राइवर का पैर बस के अंदर फंस गया था। वह खुद को बाहर निकालने के लिए काफी संघर्ष कर रहा था और उसे बहुत दर्द हो रहा था।
पुलिसकर्मी और फायर एंड इमरजेंसी सर्विस के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और ड्राइवर को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। हादसे के समय बस में 26 यात्री सवार थे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि ड्राइवर समेत कुल 15 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के सटीक कारण का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की आगे की जांच जारी है।