Edited By Pardeep,Updated: 05 Dec, 2018 11:48 PM
विदेश सचिव विजय गोखले ने कहा है कि भारत-भूटान के बीच ऊर्जा क्षेत्र में द्विपक्षीय संबंधों को और प्रगाढ करने के लिए भारत इस महीने भूटान में एक बड़ी जल विद्युत परियोजना को शुरू कर सकता है। ‘भारत-भूटान संबंध : आगे का सफर’ विषय पर अपने संबोधन में गोखले...
नई दिल्ली: विदेश सचिव विजय गोखले ने कहा है कि भारत-भूटान के बीच ऊर्जा क्षेत्र में द्विपक्षीय संबंधों को और प्रगाढ करने के लिए भारत इस महीने भूटान में एक बड़ी जल विद्युत परियोजना को शुरू कर सकता है।
‘भारत-भूटान संबंध : आगे का सफर’ विषय पर अपने संबोधन में गोखले ने कहा कि भारत, भूटान के साथ सहयोगी संबंधों को प्रगाढ़ करने के लिए कृतसंकल्प है और इसे आगे बढ़ाने के लिए नए आयामों को खंगाल रहा है। इंडियन काउंसिल ऑफ वल्र्ड अफेयर्स और रॉयल इंस्टीट्यूट फोर गवर्नेंस एंड स्ट्रेटिजिक स्टडीज, भूटान ने कांफ्रेंस का आयोजन किया था। गोखले ने कांफ्रेंस के समापन पर कहा, ‘‘भारत-भूटान संबंधों के लिए आगे का रास्ता बहुत संभावनाओं और अवसरों से भरा हुआ है।’’
उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में ऊर्जा क्षेत्र में उल्लेखनीय सहयोग से भारत-भूटान को फायदा हुआ है। गोखले ने कहा, ‘‘इस साल हमें 720 मेगावाट की महत्वपूर्ण मांगदेछू जल विद्युत परियोजना शुरू होने की उम्मीद है। आशा है कि इसी महीने यह शुरू होगी। हम कई और परियोजनाओं पर काम कर रहे हैं।’’