Edited By Tanuja,Updated: 14 Apr, 2022 10:57 AM
भारत को संयुक्त राष्ट्र आर्थिक और सामाजिक परिषद ( ECOSOC ) के चार प्रमुख निकायों के लिए चुना गया है, जिसमें विकास के लिए विज्ञान और...
संयुक्त राष्ट्र: संयुक्त राष्ट्र ने आर्थिक और सामाजिक परिषद ( ECOSOC ) के चार प्रमुख निकायों के लिए भारत को चुना है। इनमें विकास के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी आयोग भी शामिल है। ECOSOC संयुक्त राष्ट्र चार्टर द्वारा 1945 में स्थापित संयुक्त राष्ट्र प्रणाली के छह प्रमुख अंगों में से एक है। इसमें महासभा द्वारा चुने गए संयुक्त राष्ट्र के 54 सदस्य शामिल हैं।
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन ने बुधवार को ट्वीट किया, “भारत संरा ECOSOC के चार निकायों सामाजिक विकास आयोग, गैर सरकारी संगठनों पर समिति, विकास के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी आयोग के लिए चुना गया और राजदूत प्रीति सरन आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक अधिकारों की समिति के लिए फिर से चुनी गईं।” संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन ने सभी सदस्य राष्ट्रों को शुक्रिया अदा किया।
वरिष्ठ भारतीय राजनयिक सरन को दिसंबर 2018 में संयुक्त राष्ट्र की आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक अधिकारों की समिति (CESCR) पर एशिया प्रशांत सीट के लिए निर्विरोध चुना गया था। सरन का पहला चार साल का कार्यकाल एक जनवरी, 2019 को शुरू हुआ था। वह अगस्त 1982 में भारतीय विदेश सेवा में शामिल हुई थीं। उन्होंने मास्को, ढाका, काहिरा, जिनेवा, टोरंटो और वियतनाम में भारतीय मिशनों में काम किया है और टोरंटो में भारत की महावाणिज्यदूत और वियतनाम में भारतीय राजदूत रह चुकी हैं।