Edited By Ravi Pratap Singh,Updated: 25 Jul, 2019 07:05 PM
चीन से मिलती चुनौतियों को मध्य नजर रखते हुए भारत अपनी रक्षा तैयारियों को मजबूत करने में लगा हुआ है।
नई दिल्लीः चीन से मिलती चुनौतियों को मध्य नजर रखते हुए भारत अपनी रक्षा तैयारियों को मजबूत करने में लगा हुआ है। इसी कड़ी में भारत नौसेना के लिए अमेरिका से 200 करोड़ डॉलर (करीब 13786 करोड़ रुपये) के नेवल मल्टी रोल हेलीकॉप्टर (एनएमआरएच) खरीदने की योजना बना रहा है। यह खरीद सीधे अमेरिकी सरकार से भारत सरकार करेगी। इस योजना पर साल के अंत तक मुहर लगने की संभावना जताई जा रही है।
नौसेना प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह ने कहा, इस दिशा में बातचीत चल रही है। जल्द ही समझौता होने की उम्मीद है। खरीद प्रस्ताव के मुताबिक, भारत करीब 24 एडवांस एमएच-60 खरीदे जाएंगे। इनका इस्तेमाल युद्धपोतों पर तैनाती के लिए किया जाएगा। सीधे सरकार से खरीददारी करना रक्षा सौदा करने का सबसे तेज तरीका है। अन्य तरीकों को अपनाने से खरीददारी करने में लंबा समय लगता है। कई बार तो वर्षों लग जाते हैं।
नौसेना को इन हेलीकॉप्टर की सख्त जरूरत है। इनकी अनुपस्थिति में समुंद्र में युद्धपोतों को संचालन करना उनका जोखिम बढ़ा देता है। इससे पहले भी नौसेना के लिए हेलीकॉप्टर खरीदने की कोशिश की गई थी। लेकिन वर्ष 2016 में 9 साल निगोशिएशन चलने के बाद इसका कोई नतीजा नहीं निकला।