Edited By Punjab Kesari,Updated: 14 Aug, 2017 05:42 PM
पाकिस्तान आज अपना 70वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। 70 साल बाद भी भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में।
नई दिल्ली: पाकिस्तान आज अपना 70वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। 70 साल बाद भी भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में कड़वाहट देखने को मिलती है। परमाणु हथियार वाले पड़ोसी राष्ट्रों के बीच हजारों परिवारों को एक सीमा से दूसरी सीमा में विभाजित कर दिया गया था। भारत व पाक 1947 के बाद से आज तक तीन युद्ध लड़े चुके हैं। इतनी कड़वाहट के बाद भी एक तबका ऐसा भी है जो दोनों देशों के बीच एक बेहतर रिश्ते के लिए प्रयासरत रहता हैै। दोनों देशों के राष्ट्रगान का मैशअप इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब ट्रेंड कर रहा है।
राष्ट्रगान के इस मैशअप में पाकिस्तान के गायक भारत का राष्ट्रगान गाते दिख रहे हैं। वह जन गण मन अधिनायक गुनगुना रहे हैं। वहीं, हिंदुस्तान के गायक पाकिस्तान का राष्ट्रगान पाक सरजमीं गाते नजर आ रहे हैं। दोनों देशों के बीच रिश्तों में सुधार आए इसके लिए यह मैशअप बनाया गया है। फेसबुक पर ‘वॉइस ऑफ राम’ नाम के एक ग्रुप ने शांति का समर्थन करने के इरादे से एक पोस्ट किया। इसमें भारत के बैंड ‘इंडियन एकापेला बैंड वॉक्सकॉर्ड’ ने पाकिस्तान का राष्ट्रगान गाया है।
भारत की ओर से इसमें सिद्धार्थ बसरुर, इशिता चक्रवर्ती, संजीता भट्टाचार्य, निखिल डिसूजा, अरुण हरिदास कामथ, मेहर मिस्त्री, आदिल मैनुअल, राघव और अर्जुन ने अपनी आवाज दी है। जबकि पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान की ओर से अलिशिया जियास, नताशा बेग, जे अली और जीशान अली ने जन गण मन गाया है। अब तक इस वीडियो को तीन लाख से ज्यादा देखा जा चुका है। पाकिस्तानी मीडिया ने भी इसकी तारीफ की है। वॉइस ऑफ राम के मुखिया और फिल्मकार राम सुब्रमण्यम ने बताया कि बहुत सारे लोग शांति के बारे में बात करने से घबराते हैं। यह बेवजह का डर है। ये वीडियो नई शुरुआत हैं। शांति की ओर एक छोटा कदम।