Edited By Monika Jamwal,Updated: 18 Dec, 2020 02:47 PM
जम्मू कश्मीर के लेफ्टिनेंट गवर्नर मनोज सिन्हा ने उद्योग को केंद्र शासित प्रदेश में निवेश का निमंत्रण दिया।
जम्मू: जम्मू कश्मीर के लेफ्टिनेंट गवर्नर मनोज सिन्हा ने उद्योग को केंद्र शासित प्रदेश में निवेश का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश कारोबार के लिये पूरी तरह से तैयार है और उद्योग से उसमें भागीदार बनने का आग्रह किया। सिन्हा ने कहा कि उनकी सरकार उद्योग, रोजगार, कुशल कामगार, आधुनिक गांव और वैश्विक स्तर का बुनियादी ढांचा जम्मू कश्मीर में 2021 में एक साथ देखना चाहती है।
उद्योग मंडल सीआईआई के डिजिटल तरीके से आयोजित भागीदारी सम्मेलन, 2020 को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "हम व्यापार के लिए खुले हैं। और हम विकास के लिए तैयार हैं जो टिकाऊ हो और उद्देश्य के साथ व्यवसायों का निर्माण करता है। आइये और हमारे साथ भागीदार बनें, और इस साझेदारी को अपने विचारों और सुझावों से मजबूत बनायें।"
सिन्हा ने कहा, उद्देश्य कंपनियों के लिये भरोसेमंद नीति और नियामकीय परिवेश बनाना है...।" उन्होंने बेहतर भविष्य के लिये सीआईआई और उसके सदस्यों से केंद्र शासित प्रदेश के साथ भागीदारी करने और नई परियोजनाओं में निवेश का आह्वान किया।