Edited By Punjab Kesari,Updated: 07 Jul, 2017 06:49 PM
पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम के कर सुधार पर की गई टिप्पणी पर प्रहार करते हुए केंद्रीय मंत्री एम वेकैंया नायडू ने कांग्रेस से जीएसटी
नई दिल्ली: पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम के कर सुधार पर की गई टिप्पणी पर प्रहार करते हुए केंद्रीय मंत्री एम वेकैंया नायडू ने कांग्रेस से जीएसटी का आंखें बंद करके विरोध करने के बजाए इसपर रचनात्मक सुझाव देने को कहा। मोदी सरकार के माल एवं सेवा कर (जीएसटी) कानून को त्रुटिपूर्ण बताते हुए चिदंबरम ने कल कहा था कि इसे ‘एक राष्ट्र, एक कर’ नहीं कहा जा सकता है क्योंकि इसमें कर की सात या ज्यादा दरें हैं। उनकी टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए नायडू ने कहा कि चिदंबरम जीएसटी से होने वाले बदलावों की सकारात्मकता को कम करना चाहते हैं।
17 वर्षों की चर्चा के बाद लागू की गई जीएसटी
सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने कहा कि आंखें मूंद कर जीएसटी का विरोध और आलोचना करने के बजाए कांग्रेस को रचनात्मक सुझाव देने चाहिए। उन्होंने इन आरोपों को खारिज कर दिया कि जीएसटी को जल्दबाजी में लागू किया गया। नायडू ने कहा कि नई व्यवस्था विभिन्न दलों के साथ 17 वर्षों की चर्चा के बाद लागू की गई। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री और भाजपा के संसद सदस्य राज्यों का दौरा करेंगे और लोगों से मिलकर कर सुधार पर जागरूकता फैलाएंगे। मंत्री ने जीएसटी को लागू किये जाने की तुलना 1991 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू किये गए आर्थिक सुधारों से की।