Edited By ,Updated: 14 Feb, 2017 08:14 AM
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के एक साथ 104 उपग्रह प्रक्षेपित करने वाले पीएसएलवी-सी37 मिशन की उल्टी गिनती मंगलवार सुबह 5.28 बजे शुरू हो गई।
श्रीहरिकोटा (आंध्र प्रदेश): भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के एक साथ 104 उपग्रह प्रक्षेपित करने वाले पीएसएलवी-सी37 मिशन की उल्टी गिनती मंगलवार सुबह 5.28 बजे शुरू हो गई। मिशन रिडिनेस रिव्यू कमेटी तथा लांच ऑथराइजेशन बोर्ड ने कल रात ही 28 घंटे की उल्टी गिनती की मंजूरी दे दी थी जो मंगलवार, 14 फरवरी सुबह 5.28 बजे शुरू हो गई। पीएसएलवी-सी37 का प्रक्षेपण यहां स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के पहले प्रक्षेपण पटल से सुबह 9.28 बजे होना तय है।
मिशन में मुख्य उपग्रह 714 किलोग्राम वजन वाला कार्टोसैट-2 सीरीज उपग्रह है जो इसी सीरीज के पहले प्रक्षेपित अन्य उपग्रहों के समान है। इसके अलावा इसरो के दो तथा 101 विदेशी अति सूक्ष्म (नैनो) उपग्रहों का भी प्रक्षेपण किया जाना है जिनका कुल वजन 664 किलोग्राम है। विदेशी उपग्रहों में 96 अमेरिका के तथा इजरायल, कजाखिस्तान, नीदरलैंड, स्विटजरलैंड और संयुक्त अरब अमीरात के एक-एक उपग्रह शामिल हैं।