Edited By Pardeep,Updated: 31 Jan, 2019 12:58 AM
आगामी लोक सभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को कर्नाटक में शिकस्त देने के लिए कांग्रेस और जनता दल (एस) के बीच चुनाव पूर्व गठबंधन बनाने की कोशिशों के बीच जद (एस) के प्रमुख एवं पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा ने बुधवार को कहा उनकी पार्टी चुनाव में...
बेंगलुरु: आगामी लोक सभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को कर्नाटक में शिकस्त देने के लिए कांग्रेस और जनता दल (एस) के बीच चुनाव पूर्व गठबंधन बनाने की कोशिशों के बीच जद (एस) के प्रमुख एवं पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौड़ा ने बुधवार को कहा उनकी पार्टी चुनाव में अलग घोषणा पत्र जारी करेगी। देवगौड़ा ने यहां पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक के दौरान इस आशय का संकेत दिया।
उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण है कि धर्मनिरपेक्ष पार्टियां भाजपा नीत सांप्रदायिक ताकतों को हराने के लिए एकजुट हों। जद(एस) क्षेत्रीय पार्टी होने के बावजूद इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा,‘‘हमने संसदीय चुनाव से पहले एक अलग चुनाव घोषणा पत्र जारी करने का फैसला किया है। मेरा इरादा पुरानी जनता परिवार पार्टियों को एकजुट करना है। मैं यह सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित कर रहा हूं कि जद (एस) कर्नाटक की 28 लोकसभा सीटों में से आठ से 10 सीटें जीते।’’
देवगौड़ा की टिप्पणी लोकसभा चुनावों के लिए सीट बंटवारे के आगे नहीं बढ़ने के मद्देनजर आई है जो अब महज चार महीने दूर है। उन्होंने संकेत दिया था कि उनकी पार्टी आगामी संसदीय चुनाव में कांग्रेस से अपने लिए 10 से 12 सीटों की मांग करेगी। जद (एस) ने पिछले लोकसभा चुनाव में दो सीटें जीती थीं जबकि भाजपा ने 17 और कांग्रेस ने नौ सीटें जीती थीं।