Edited By Yaspal,Updated: 04 Aug, 2019 06:52 PM
मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा ने कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए राजस्थान के उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट और पार्टी नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के नाम का प्रस्ताव दिया है। उन्होंने कहा कि वो पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर...
नेशनल डेस्कः मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा ने कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए राजस्थान के उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट और पार्टी नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के नाम का प्रस्ताव दिया है। उन्होंने कहा कि वो पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की इस बात से सहमत है कि नया कांग्रेस अध्यक्ष युवा, सक्षम और अनुभवशील होना चाहिए।
देवड़ा ने एक सवाल के जवाब में कहा, “मेरे विचार से सचिन पायलट और ज्योतिरादित्य सिंधिया में कांग्रेस अध्यक्ष बनने की योग्यता है। वो कांग्रेस को मजबूत करने में सक्षम हैं। साथ ही वो विपक्ष को भी मजबूत कर सकते हैं।
मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “मैं अपनी क्षमता और ताकत को समझता हूं और जो कोई भी पार्टी हित में काम करेगा, मैं उसके साथ काम करने को तैयार हूं। उन्होंने कहा कि सचिन पायलट और ज्योतिरादित्य सिंधिया को कम से कम अंतरिम अध्यक्ष तो बनाया ही जाना चाहिए, जिन्हें सार्वजनिक तौर पर गांधी परिवार का समर्थन भी मिलना चाहिए।
बता दें कि हाल ही में पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कहा था कि कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष युवा और, सक्षम और अनुभवशील होना चाहिए। गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।