Edited By Anil dev,Updated: 18 May, 2018 01:28 PM
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने विश्वास जताया है कि वह सदन में कल विश्वास मत सिद्ध कर देंगे। येदियुरप्पा ने उच्चतम न्यायालय के कल शाम चार बजे सदन में बहुमत सिद्ध किए जाने के आदेश के बाद आज यहां मीडिया से बातचीत में कहा कल सदन में शक्ति...
बेंगलुरु: कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने विश्वास जताया है कि वह सदन में कल विश्वास मत सिद्ध कर देंगे। येदियुरप्पा ने उच्चतम न्यायालय के कल शाम चार बजे सदन में बहुमत सिद्ध किए जाने के आदेश के बाद आज यहां मीडिया से बातचीत में कहा कल सदन में शक्ति परीक्षण में बहुमत सिद्ध कर देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के मुख्य सचिव से विचार विमर्श करने के बाद कल विधानसभा का सत्र बुलाया जाएगा। उन्होंने कहा हमें शत प्रतिशत विश्वास है कि सदन में बहुमत सिद्ध कर दिया जाएगा।
न्यायालय ने नहीं लगाई येदियुरप्पा के शपथ ग्रहण पर रोक
कर्नाटक विधानसभा के त्रिशंकु नतीजों के उपरांत राज्यपाल वजूभाई वाला ने सबसे बड़ी पार्टी उभरने पर भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) को सरकार बनाने के लिए बुधवार को आमंत्रित किया और 15 दिन के भीतर सदन में बहुमत सिद्ध करने को कहा था। इसके खिलाफ कांग्रेस और जनता दल (एस) तथा अन्य ने उच्चतम न्यायालय का रुख किया। उच्चतम न्यायालय में बुधवार की मध्य रात्रि से शुरु हुई सुनवाई गुरुवार सुबह तक चली। न्यायालय ने येदियुरप्पा के शपथ ग्रहण पर रोक नहीं लगाई। इसके बाद येदियुरप्पा ने कल अकेले शपथ ली। उच्चतम न्यायालय में आज इस मामले की सुनवाई हुई और न्यायालय ने येदियुरप्पा को कल शाम चार बजे सदन में बहुमत सिद्ध करने का आदेश दिया।