Edited By Anil dev,Updated: 06 Feb, 2020 11:07 AM
कर्नाटक में चन्नापटना कस्बे का एक फूल विक्रेता तब हैरान रह गया जब उसे पता चला कि उसकी पत्नी के बैंक खाते में 30 करोड़ रुपए आए हैं। सईद मलिक बुरहान के साथ यह वाकया तब हुआ जब वह परिवार की चिकित्सा जरूरतों को पूरा करने के लिए आॢथक दिक्कतों का सामना कर...
बेंगलूर: कर्नाटक में चन्नापटना कस्बे का एक फूल विक्रेता तब हैरान रह गया जब उसे पता चला कि उसकी पत्नी के बैंक खाते में 30 करोड़ रुपए आए हैं। सईद मलिक बुरहान के साथ यह वाकया तब हुआ जब वह परिवार की चिकित्सा जरूरतों को पूरा करने के लिए आॢथक दिक्कतों का सामना कर रहे थे। बुरहान ने बताया कि बैंक अधिकारियों ने दो दिसम्बर को उनके घर का दरवाजा खटखटाया और पूछा-आपके खाते में इतनी राशि कैसे आई? उन्होंने बस इतना बताया कि मेरी पत्नी (रेहाना) के खाते में भारी रकम जमा की गई है और मुझे आधार कार्ड के साथ पत्नी के संग आने को कहा गया।
आयकर विभाग के समक्ष दर्ज कराई शिकायत
बुरहान ने दावा किया कि बैंक अधिकारियों ने एक दस्तावेज पर दस्तखत करने के लिए उन पर बहुत दबाव बनाया लेकिन उन्होंने मना कर दिया। बुरहान को याद आया कि उन्होंने एक ऑनलाइन पोर्टल के जरिए साड़ी खरीदी थी जिसके बाद कार जीतने के कारण उनसे बैंक के विवरण मांगे गए थे। उन्होंने कहा कि उसके बाद हम भटकते रहे कि कैसे हमारे खाते में रकम आएगी। हमारे खाते में 60 रुपए ही थे लेकिन अचानक इतना धन आ गया। हम समझ ही नहीं पाए। बुरहान ने कहा कि उन्होंने आयकर विभाग के समक्ष एक शिकायत दर्ज कराई।
खाते से कई बार किए गए वित्तीय लेनदेन
उनका दावा है कि विभाग शुरूआत में जांच करने को इच्छुक नहीं था। शिकायत के आधार पर रामनगर जिले में चन्नापटना शहर की पुलिस ने जालसाजी और ठगी के लिए सूचना प्रौद्योगिकी कानून के तहत मामले दर्ज किए। खाते से कई बार वित्तीय लेनदेन किए गए जिसके बारे में बुरहान को पता नहीं था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हम इसका पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि किस मकसद से यह भुगतान हुआ। जो भी इसके पीछे होगा, हम उसे गिरफ्तार करेंगे।