Edited By shukdev,Updated: 23 Mar, 2019 05:18 PM
आम आदमी पार्टी (आप) ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को शकूरबस्ती में जनसभा करने की इजाजत नहीं दिए जाने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि इन्हीं के इशारे पर दिल्ली पुलिस ने इसकी अनुमति ...
नई दिल्लीः आम आदमी पार्टी (आप) ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को शकूरबस्ती में जनसभा करने की इजाजत नहीं दिए जाने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि इन्हीं के इशारे पर दिल्ली पुलिस ने इसकी अनुमति नहीं दी।
केजरीवाल दिल्ली की सात लोकसभा सीटों के लिए 12 मई को होने वाले चुनाव के सिलसिले में शनिवार को शकूरबस्ती क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करने वाले थे लेकिन दिल्ली पुलिस ने इसे आयोजित करने की स्वीकृति नहीं दी। आप नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने जनसभा की अनुमति नहीं मिलने पर संवाददाता सम्मेलन में कहा दिल्ली पुलिस से इस जनसभा की सभी औपचारिकताओं की अनुमति के लिए पहले ही बात कर ली गई थी लेकिन ऐन मौके में इजाजत देने से मना कर दिया। दिल्ली में भाजपा की हालत खस्ता है और वह चुनाव परिणाम से पहले ही हार मान चुकी है। दिल्ली पुलिस ऐसे ही करती रही तो उसकी देखरेख में दिल्ली में निष्पक्ष चुनाव नहीं कराए जा सकते। उधर केजरीवाल ने भी ट्वीट कर जनसभा की इजाजत नहीं मिले पर भाजपा पर हमला बोला।
संजय सिंह ने कहा, ‘भाजपा ने दिल्ली पुलिस के जरिए मेरी जनसभा रद्द करवा दी। पुलिस ने अनुमति नहीं दी। भाजपा की कितनी रैलियों को पिछले पांच साल में दिल्ली पुलिस ने अनुमति देने से इन्कार किया है।’ उन्होंने आगे लिखा,‘ भाजपा वालों, मान लो कि दिल्ली की सातों सीटें हार रहे हो। मोदी जी पूर्ण राज्य का वादा करके मुकर गए। अब जनता बताएगी।’ सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री की रैली को इजाजत नहीं दी गई जबकि उसी स्थान पर आने वाले दिनों में भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन सिंह की रैली होनी है। उन्होंने कहा कि भाजपा और मोदी इतने भयभीत हैं तो चुनाव क्यों करवा रहे हैं? आप सासंद ने कहा कि वह इस मामले को चुनाव आयोग के समक्ष भी उठाएंगे।