Edited By Seema Sharma,Updated: 10 Jan, 2020 02:40 PM
नागरिकता संशोधन एक्ट (CAA) के खिलाफ शुक्रवार को देश के अलग-अलग हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हुआ। पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी ने कोलकाता में जगह-जगह विरोध प्रदर्शन किया। वहीं हैदराबाद में एआईएमआईएम के नेता असदुद्दीन ओवैसी ने भी...
नेशनल डेस्कः नागरिकता संशोधन एक्ट (CAA) के खिलाफ शुक्रवार को देश के अलग-अलग हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हुआ। पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी ने कोलकाता में जगह-जगह विरोध प्रदर्शन किया। वहीं हैदराबाद में एआईएमआईएम के नेता असदुद्दीन ओवैसी ने भी जुमे की नमाज के बाद तिरंगा रैली निकाली जिसमें कई लोग शामिल हुए। तिरंगा रैली के बाद ओवैसी ने जनसभा को भी संबोधित किया।
दूसरी तरफ राजधानी दिल्ली की जामा मस्जिद के बाहर एक बार फिर CAA के विरोध में हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी जुटे। बीते कुछ दिनों से हर जुमे के दिन यहां लोग जुटते हैं और नमाज अदा करने के बाद यहां CAA का विरोध करते हैं।
मुस्लिम संगठनों का एक दिन का रोजा
आज जुमे की नमाज़ के बाद मुस्लिम संगठनों की ओर से रोजा रखने का ऐलान किया गया। मुस्लिम संगठन एक दिन का रोजा रखेंगे। इन संगठनों ने कहा कि यह रोजा केंद्र सरकार द्वारा लाए गए नागरिकता संशोधन एक्ट के विरोध में सांकेतिक विरोध है। शाम को संविधान की प्रस्तावना पढ़ने के साथ ही रोज़ा तोड़ा जाएगा।