Edited By Monika Jamwal,Updated: 28 Apr, 2018 12:05 PM
माता-पिता अपने बच्चों की सुरक्षा के लिए अपनी जान को दांव पर लगाने से भी नहीं चूकते हैं। इस बात का उदहारण कश्मीर के कुपवाड़ा में देखने को मिला।
श्रीनगर: माता-पिता अपने बच्चों की सुरक्षा के लिए अपनी जान को दांव पर लगाने से भी नहीं चूकते हैं। इस बात का उदहारण कश्मीर के कुपवाड़ा में देखने को मिला। एक पिता ने आदमखोर तेंदुए से अपने बच्चे की जान बचाने के लिए उससे न सिर्फ लड़ाई की बल्कि उसे मार भी गिराया। हांलाकि पिता घायल हो गया और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। मामला कुपवाड़ा का है और व्यक्ति की पहचान गुलाम अहमद शेख के रूप में हुई है। अपने बच्चों के लिए बहादुरी की मिसाल बने शेख को बहुत गंभीर चोटें आई हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह करीब पांच बजे एक आदमखोर तेंदुआ मीर मुकाम क्षेत्र में शेख के घर में घुस गया। बच्चे सोये हुए थे और तेंदुआ बच्चों पर झपटने ही वाला था कि शेख की आंख खुल गई। उसने बड़ी बहादुरी के साथ तेंदुए का मुकाबला किया और उसे मार गिराया। घर में हो हल्ला मच गया और आस-पास के लोग भी घर में पहुंच गए। शेख को कुपवाड़ा के जिला अस्पताल में भर्ती किया गया और वहां से बाद में उसे श्रीनगर रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार एक टीम मौके पर पहुंची और वन्य जीव विभाग को भी फोन किया गया ताकि वे तेंदुए के शव को वहां से ले जाएं।