पूर्व PM मनमोहन सिंह ने असम के लोगों से कांग्रेस के गठबंधन को जिताने की अपील की

Edited By Pardeep,Updated: 26 Mar, 2021 08:48 PM

manmohan singh appealed to the people of assam to win the congress alliance

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने शुक्रवार को भाजपा पर असम में लोगों को धर्म, भाषा एवं संस्कृति के आधार पर बांटने का आरोप लगाया और प्रदेश की जनता का आह्वान किया कि वे राज्य में समावेशी विकास के लिए कांग्रेस के नेतृत्व वाले ‘

नई दिल्लीः पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने शुक्रवार को भाजपा पर असम में लोगों को धर्म, भाषा एवं संस्कृति के आधार पर बांटने का आरोप लगाया और प्रदेश की जनता का आह्वान किया कि वे राज्य में समावेशी विकास के लिए कांग्रेस के नेतृत्व वाले ‘महाजोत' (महागठबंधन) के पक्ष में मतदान करें। 

करीब तीन दशक तक राज्यसभा में असम का प्रतिनिधित्व करने वाले सिंह ने यह भी कहा कि असम की जनता को एक ऐसी सरकार को चुननी चाहिए जो संविधान और लोकतांत्रिक सिद्धांतों को बरकरार रखने वाली हो। उन्होंने असम में पहले चरण के मतदान के लिए प्रचार अभियान के आखिरी दिन एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘कई वर्षों तक असम मेरा दूसरा घर रहा है। यह मेरा सौभाग्य रहा कि मैंने राज्यसभा में असम का 28 वर्षों तक प्रतिनिधित्व किया। मैं असम के लोगों के स्नेह और समर्थन के लिए उनका आभारी हूं।'' 

उन्होंने कहा, ‘‘ असम के लोगों ने मुझे पांच साल तक देश के वित्त मंत्री और 10 साल तक प्रधानमंत्री के तौर पर देश की सेवा का मौका दिया....आज समय आ गया है कि इस विधानसभा चुनाव में लोग समझदारी के साथ मतदान करें।'' पूर्व प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया, ‘‘असम के लोगों ने लंबे समय तक उग्रवाद और अशांति को झेला। तरुण गोगोई की अगुवाई में असम ने शांति और विकास की दिशा में कदम बढ़ाया। अब वहां पर समाज को धर्म, भाषा और संस्कृति के आधार पर बांटा जा रहा है। लोगों को उनके बुनियादी अधिकारों से वंचित किया जा रहा है।'' 

उन्होंने भाजपा का नाम लिए बगैर उस पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘नोटबंदी और गलत ढंग से जीएसटी लागू करने से अर्थव्यवस्था कमजोर हो गई है। युवा रोजगार के लिए परेशान हैं। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी से आम आदमी परेशान है। गरीब और गरीब हो रहे हैं। कोविड के संकट ने लोगों के लिए और भी मुश्किल पैदा कर दी है।'' सिंह ने जनता का आह्वान किया, ‘‘आपको एक ऐसी सरकार के लिए वोट करना चाहिए जो संविधान और लोकतंत्र के सिद्धांतों को बरकरार रखे, हर नागरिक की परवाह करे और समावेशी विकास करे। असम में कांग्रेस उसकी भाषा, इतिहास और संस्कृति की रक्षा करने और विकास के लिए प्रतिबद्ध है।'' 

उन्होंने असम में सीएए को लागू नहीं करने समेत कांग्रेस के पांच प्रमुख वादों का उल्लेख करते हुए कहा कि लोगों को कांग्रेस की अगुवाई वाले गठबंधन के पक्ष में मतदान करना चाहिए। सिंह ने असम के लोगों से कहा, ‘‘आपका और आपके बच्चों का भविष्य आपके हाथ में है। मैं आप लोगों से कांग्रेस और महाजोत के पक्ष में वोट करने का आग्रह करता हूं।'' असम में कांग्रेस नीत महाजोत (महागठबंधन) में एआईयूडीएफ, बीपीएफ, माकपा, भाकपा और आंचलिक गण मोर्चा शामिल हैं। राज्य की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए 27 मार्च से तीन चरणों के चुनाव शुरू होगा। 

Related Story

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!