पुलवामा में सुरक्षाबलों पर आतंकी हमला, 2 जवान घायल, 1 शहीद
Edited By Monika Jamwal,Updated: 21 May, 2020 04:58 PM
दक्षिण कश्मीर के पुलवामा में सुरक्षाबलों पर आतंकवादियों ने घात लगाकर हमला किया। हमले में दो जवान घायल हो गये हैं, जबकि एक जवान शहीद हो गया है।
श्रीनगर: दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में सुरक्षाबलों के एक गश्ती दल पर आतंकवादियों ने गोलीबारी कर दी, जिसमें एक पुलिसकर्मी शहीद और एक अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गया। अधिकारियों ने बताया कि घटना आज दोपहर बाद पेरचू पुल के पास हुई जहां केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और जम्मू कश्मीर पुलिस का संयुक्त गश्ती दल कानून एवं व्यवस्था की स्थिति सुनिश्चित कर रहा था। उन्होंने बताया कि आतंकवादियों के हमले में इंडिया रिजर्व पुलिस की १०वीं बटालियन के दो कर्मी अनुज सिंह और मोहम्मद इब्राहीम घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि सिंह ने बाद में दम तोड़ दिया, जबकि इब्राहीम एक अस्पताल में जिन्दगी और मौत से जूझ रहे हैं।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षाबलों ने क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है और हमलवारों की तलाश में अभियान छेड़ दिया गया है। इससे पहले, बुधवार को श्रीनगर के बाहरी क्षेत्र सूरा में सीमा सुरक्षाबल (बीएसएफ) के दो कर्मी आतंकवादियों के हमले में शहीद हो गए थे।