Edited By Monika Jamwal,Updated: 07 Jun, 2019 06:32 PM
दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिला में जामिया मस्जिद में ईद के दिन एक ऐसी घटना घटी जिसका वीडियो आपको सोचने पर मजबूर कर देगा।
श्रीनगर : दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिला में जामिया मस्जिद में ईद के दिन एक ऐसी घटना घटी जिसका वीडियो आपको सोचने पर मजबूर कर देगा। वायरल हो रहे वीडियो में दिख रहा है कि कुलगाम के जामिया मस्जिद में लश्कर-ए-तोयबा के दो आतंकियों ने ईद की नमाज के बाद वहां मौजूद लोगों को धार्मिक उपदेश दिया और सरेआम हथियार लहराए।
आतंकियों ने लश्कर के समर्थन में नारेबाजी भी की और भारतीय सेना तथा भारत के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान लोग खड़े देखते रहे और किसी ने भी उन्हें रोकने की कोशिश नहीं की। दोनों आतंकी एक और शख्स के साथ खड़े हैं और हथियार लहरा रहे हैं।
वीडियो में दिख रहा है कि दोनों आतंकी नारेबाजी कर रहे हैं। इसके अलावा लोगों से वीडियो नहीं बनाने को कह रहे हैं। आतंकी लोगों को कैमरा बंद करने की धमकी भी दे रहे हैं और हवा में हथियार लहराते हुए नारेबाजी कर रहे हैं।
कुलगाम की जामिया मस्जिद में ईद के दिन लश्कर का कमांडर बंदूक़ लहरा-लहरा कर तकऱीर करता रहा। किसी मौलाना, किसी इमाम ने रोकने की कोशिश नहीं की।
वीडियो में आतंकी कह रहे हैं आप क्या चाहते हैं। फिर भीड़ नारे लगाती है। आजादी। इसके बाद आतंकी कहता है, पाकिस्तान से रिश्ता क्या, भीड़ से आवाज आती है। भाई-भाई इललल्लाह। फिर आतंकी कहता है, तोयबा-तोयबा, भीड़ कहती है। लश्कर-ए-तोयबा।