Edited By Pardeep,Updated: 31 May, 2023 12:14 AM

महाराष्ट्र के परभणी में मॉब लिंचिंग की एक विचलित करने वाली घटना सामने आई है। यहां भीड़ ने चोर समझ कर तीन सिख समुदाय के बच्चों को बुरी तरह पीटा। इसमें से एक 14 साल के बच्चे की मौत हो गई जबकि दो को बचाकर पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है।
मुंबईः महाराष्ट्र के परभणी में मॉब लिंचिंग की एक विचलित करने वाली घटना सामने आई है। यहां भीड़ ने बकरी चोर समझ कर तीन सिख समुदाय के बच्चों को बुरी तरह पीटा। इसमें से एक 14 साल के बच्चे की मौत हो गई जबकि दो को बचाकर पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है।
मामले में चार आरोपी अरेस्ट किए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में कुल 9 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मुख्य आरोपी ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच अकरम पटेल को भी गिरफ्तार किया है। दरअसल, महाराष्ट्र का परभणी में 27 मई में बकरी चोर समझ कर लोगों ने 3 सिख बच्चों की पिटाई कर डाली, जिसमें एक सिख बच्चे की मौत हो गई है।
वहीं शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने महाराष्ट्र के परभणी जिले के उखलाद गांव में तीन नाबालिग सिखों की मॉब लिंचिंग की कड़ी निंदा की है। हरजिंदर सिंह धामी ने मंगलवार को बताया कि मिली जानकारी के अनुसार इस घटना में कृपाल सिंह नाम के एक सिख युवक की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य सिख अवतार सिंह और अरुण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि इस घटना से सिख मानस को गहरी ठेस पहुंची है और पूरे सिख जगत में आक्रोश की लहर है। उन्होंने कहा कि यह जघन्य अपराध मानवता के नाम पर धब्बा है, जिसके दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। धामी ने कहा कि महाराष्ट्र पुलिस इस अपराध के सभी दोषियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के साथ ही सख्त और अनुकरणीय सजा सुनिश्चित करे।