Edited By vasudha,Updated: 26 May, 2019 11:30 AM
लोकसभा चुनाव के वीरवार को आए नतीजों में पंजाब के हिन्दुओं में भी मोदी मैजिक साफ देखने को मिला। पार्टी ने न सिर्फ लोकसभा की 2 सीटें जीतीं बल्कि विधानसभा की उन 14 सीटों पर भी लीड हासिल की, जिन पर पार्टी विधानसभा का चुनाव लड़ती है...
नेशनल डेस्क (नरेश कुमार): लोकसभा चुनाव के वीरवार को आए नतीजों में पंजाब के हिन्दुओं में भी मोदी मैजिक साफ देखने को मिला। पार्टी ने न सिर्फ लोकसभा की 2 सीटें जीतीं बल्कि विधानसभा की उन 14 सीटों पर भी लीड हासिल की, जिन पर पार्टी विधानसभा का चुनाव लड़ती है। अन्य 9 सीटों पर भी भाजपा ने 2017 के मुकाबले ज्यादा वोट हासिल किए हैं और कांग्रेस उम्मीदवारों की लीड का मार्जिन इन सीटों पर पहले के मुकाबले काफी कम था। 2017 में भाजपा ने 23 सीटों पर चुनाव लड़ा था लेकिन इनमें से सुजानपुर, फगवाड़ा और अबोहर की सीटों पर ही चुनाव जीत पाई थी लेकिन वीरवार को आए लोकसभा के नतीजों में पार्टी ने भोआ, दसूहा, आनंदपुर साहिब, पठानकोट, दीनानगर, जालंधर सैंट्रल, जालंधर नार्थ, मुकेरियां, होशियारपुर, फिरोजपुर और फाजिल्का सीटों पर भी लीड हासिल की है। विधानसभा चुनाव में भाजपा यह सीटें बुरी तरह हार गई थी।
इन 11 सीटों पर भाजपा ने बनाई बढ़त
सीट विधायक भाजपा के वोट कांग्रेस के वोट
भोआ जोगिन्द्र पाल 76429 47006
पठानकोट अमित विज 69069 39688
दीनानगर अरुणा चौधरी 72520 51998
जालंधर सैंट्रल राजेन्द्र बेरी 43132 37790
जालंधर नार्थ बावा हैनरी 52559 46341
मुकेरियां रजनीश कुमार 74913 37207
होशियारपुर सुंदर शाम अरोड़ा 51637 42833
फिरोजपुर सिटी परमिन्द्र सिंह पिंकी 64041 42995
फाजिल्का देवेन्द्र घुबाया 78003 48992
आनंदपुर साहिब कंवरपाल सिंह 58878 48390
दसूहा अरुण डोगरा 62577 39804
सबसे सफल रही भाजपा
भाजपा पंजाब में 3 सीटों पर चुनाव लड़ी थी, जिनमें से 2 सीटों पर उसकी जीत हुई और भाजपा की सफलता का प्रतिशत 67 रहा, जबकि कांग्रेस 13 सीटों पर लड़कर 8 सीटों पर जीती और उसकी सफलता 60 प्रतिशत रही। दूसरी तरफ अकाली दल 10 सीटों पर लड़कर महज 2 सीटों पर जीत पाया और उसे 20 प्रतिशत सफलता मिली।
कांग्रेस के हिंदू विधायक पिछड़े
2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को पंजाब में हिंदू सीटों पर जबरदस्त समर्थन मिला था और भाजपा के कोटे वाली 23 हिंदू सीटों में से कांग्रेस 20 सीटों पर चुनाव जीत गई थी लेकिन लोकसभा चुनाव में पार्टी 9 सीटों पर ही अपनी बढ़त कायम रख सकी है, जबकि अन्य सीटों पर भाजपा आगे रही। कांग्रेस अमृतसर नार्थ, अमृतसर वैस्ट, अमृतसर सैंट्रल, अमृतसर ईस्ट, जालंधर वैस्ट, आनंदपुर साहिब, लुधियाना सैंट्रल, लुधियाना वैस्ट, राजपुरा और लुधियाना नार्थ सीटों पर बढ़त कायम रखने में सफल रही है, जबकि अन्य 13 सीटों पर पार्टी के विधायक पिछड़े गए।