Edited By Anu Malhotra,Updated: 04 Jun, 2026 11:12 AM

देश में आखिरकार मानसून का इंतजार खत्म होने जा रहा है। अपने तय समय से करीब 9 दिन की देरी के बाद आज यानी 4 जून को दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल में प्रवेश करने जा रहे है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, मानसून के दस्तक देते ही अगले 10 घंटों के भीतर केरल,...
नई दिल्ली: देश में आखिरकार मानसून का इंतजार खत्म होने जा रहा है। अपने तय समय से करीब 9 दिन की देरी के बाद आज यानी 4 जून को दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल में प्रवेश करने जा रहे है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, मानसून के दस्तक देते ही अगले 10 घंटों के भीतर केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के तटीय इलाकों में तेज तूफानी हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो जाएगा। इन राज्यों में अगले 5 दिनों के लिए अलर्ट जारी किया गया है।
25 राज्यों में दिखेगा प्री-मानसून का असर
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां काफी तेज हो गई हैं। इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश समेत देश के 25 राज्यों में आंधी, बिजली चमकने और बारिश की प्रबल संभावना है।
ओलावृष्टि की चेतावनी:
पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ राजस्थान में भारी बारिश के साथ ओले (Hailstorm) गिरने की आशंका जताई गई है। ओडिशा में अगले 4 दिनों तक गरज-चमक के साथ लगातार बारिश होने का अनुमान है।
दिल्ली-NCR में दो दिन का 'येलो अलर्ट'
केरल में मानसून की दस्तक और स्थानीय प्री-मानसून सिस्टम के कारण राजधानी दिल्ली में दो दिनों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। अगले 48 घंटों के दौरान दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। सुबह और शाम के वक्त गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। दोपहर के समय हवा के झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है। हालांकि, दो दिन बाद मौसम साफ होते ही दोबारा गर्मी बढ़ेगी।
भीषण गर्मी और लू का कहर
एक तरफ जहां बारिश का दौर चल रहा है, वहीं दूसरी तरफ देश की एक बड़ी आबादी भयंकर गर्मी से जूझ रही है। उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात, महाराष्ट्र और तमिलनाडु में पारा 40°C के पार बना हुआ है। बिहार में 5 से 9 जून, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 7 से 9 जून और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 8 से 9 जून के बीच भीषण लू चलने की आशंका है। पूर्वोत्तर के राज्यों (असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा) के साथ-साथ पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 4 से 7 जून के दौरान उमस वाली असहज करने वाली गर्मी परेशान करेगी।
5 और 6 जून को कहां-कहां बरसेंगे बादल?
5 जून (शुक्रवार) को राजस्थान, गुजरात, पश्चिमी मध्य प्रदेश, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है। अंडमान-निकोबार, लक्षद्वीप और केरल में भारी बारिश होगी, जबकि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में ओले गिर सकते हैं।
6 जून (शनिवार) को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में 40-50 किमी/घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलेंगी। इसके अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार और पूर्वोत्तर के सभी राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।