मौसम विभाग ने New Year Party करने वालों को दी चेतावनी, ठंड को देखते हुए ना पीना शराब

Edited By Anil dev,Updated: 28 Dec, 2020 01:01 PM

national news punjab kesari uttar pradesh punjab

नए साल के जश्न की तैयारियां अभी से ही जोरो-शोर से जारी हैं। उत्तर प्रदेश और पंजाब समेत उत्तर भारत के कई स्थानों पर रविवार को न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने इस सप्ताह के बाद इस क्षेत्र के कुछ...

नेशनल डेस्क: नए साल के जश्न की तैयारियां अभी से ही जोरो-शोर से जारी हैं। उत्तर प्रदेश और पंजाब समेत उत्तर भारत के कई स्थानों पर रविवार को न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने इस सप्ताह के बाद इस क्षेत्र के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने और घने कोहरे का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने सलाह दी है कि ना ही तो शराब पीना ना ही घर से बाहर निकलना अच्छा होगा। आईएमडी की एडवाइजरी में कहा गया है कि शराब ना पीएं ये आपके शरीर के तापमान को कम कर सकती है,घर के अंदर रहें, यही नहीं विटामिन सी का सेवन करने व फल खाने की भी सलाह दी गई है। विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पडऩे वाली है, ऐसे में घर में बैठे-बैठे या नए साल की पार्टी में शराब पीना बहुत नुकसानदेह हो सकता है। ऐसा इसलिए कहा गया है चूंकि विभाग का अनुमान है कि उत्तर भारत में तेज शीत लहर चलने वाली है। 

PunjabKesari

28 से 29 दिसंबर तक शीतलहर चलने का अनुमान
ऊपरी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान में रविवार को मामूली वृद्धि दर्ज की गई। मौसम विभाग ने कहा, 28 से 29 दिसंबर तक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में अलग-अलग इलाकों में बहुत अधिक शीतलहर चलने का अनुमान है। इन क्षेत्रों में घना कोहरा भी छाये रहने के आसार है। दिल्ली के लिए आंकड़े प्रदान करने वाली सफदरजंग वेधशाला ने रविवार सुबह न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो शनिवार को 4.6 डिग्री सेल्सियस था। हालांकि, आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि राहत थोड़े समय के लिए होगी। कश्मीर में रविवार को शीतलहर और तेज हो गई तथा समूची घाटी में न्यूनतम तापमान शून्य से कई डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया।

PunjabKesari

अगले तीन दिनों में हो सकती है हल्की बारिश और बर्फबारी
 मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 12 दिसंबर को हुई बर्फबारी के बाद से कश्मीर में मौसम शुष्क और सर्द बना हुआ है, जबकि रात का तापमान शून्य से नीचे रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि घाटी में अगले तीन दिनों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। अधिकारियों के अनुसार, उत्तरी कश्मीर में गुलमर्ग में तापमान शून्य से 7.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि उसके पिछली रात तापमान शून्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा था। घाटी में गुलमर्ग सबसे ठंडा स्थान रहा। उन्होंने कहा कि कुपवाड़ा का न्यूनतम तापमान शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे और कोकेरनाग का न्यूनतम तापमान शून्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वर्तमान में कश्मीर 'चिल्लई कलां' की चपेट में है। इस दौरान 40 दिनों तक भीषण सर्दी होती है। पंजाब और हरियाणा में रविवार को भी कड़ाके की ठंड का दौर जारी रहा जबकि गुरदासपुर का न्यूनतम तापमान लुढ़क कर दो डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गुरदासपुर पंजाब का सबसे ठंडा स्थान रहा जबकि हरियाणा का सबसे ठंडा स्थान 3.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ नारनौल रहा। 

शीतलहर ने उत्तर प्रदेश में बढ़ा दी सर्दी 
उन्होंने बताया कि हरियाणा के करनाल, रोहतक, अंबाला और हिसार में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है जहां पर न्यूनतम तापमान क्रमश: 3.8 डिग्री, 5.4 डिग्री, 4.6 डिग्री और 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है और रविवार को यहां का न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के पठानकोट, हलवारा और फरीदकोट में रविवार को न्यूनतम तापमान क्रमश: 3.7 डिग्री, 5.7 डिग्री और 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पंजाब के अमृतसर, लुधियाना और पटियाला शहर भी सर्दी की चपेट में हैं जहां पर न्यूनतम तापमान क्रमश: 4.8 डिग्री, 4.2 डिग्री और 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश के केलांग, काल्पा, मनाली, मंडी, सोलन, सुंदरनगर और भुंतर में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग केन्द्र, शिमला, के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि केलांग राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा जहां तापमान शून्य से 11.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। उन्होंने बताया कि किन्नौर जिले के काल्पा और कुल्लू जिले के मनानी में न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से 3.4 डिग्री और 0.6 डिग्री कम रहा। शीतलहर ने उत्तर प्रदेश में सर्दी बढ़ा दी है और पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के ज्यादातर मंडलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहा। आंचलिक मौसम केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर का प्रकोप रहा। इस अवधि में ज्यादातर मंडलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। कुछ स्थानों पर घना कोहरा भी गिरा। 

29 दिसंबर से दूसरी बार शीतलहर चलने का पूर्वानुमान 
रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश के वाराणसी, बरेली, गोरखपुर, अयोध्या, प्रयागराज, लखनऊ तथा बरेली मंडलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। मध्यप्रदेश विशेषकर राज्य के पश्चिमी क्षेत्र में 29 दिसंबर से इस महीने में दूसरी बार शीतलहर चलने का पूर्वानुमान है। आईएमडी भोपाल कार्यालय के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक पी के साहा ने बताया कि राज्य के अधिकांश हिस्से में पिछले सप्ताह ठंड का प्रकोप देखा गया था , हालांकि पिछले कुछ दिनों में ठंड थोड़ी थम गई थी और न्यूनतम तापमान में कुछ हद तक बढ़ोतरी हुई थी। उन्होंने कहा, मध्यप्रदेश में विशेष रूप से पश्चिमी भागों में मंगलवार से इस महीने दूसरी बार शीतलहर चलने का अनुमान है। ये स्थितियां उसके बाद अगले तीन से चार दिनों तक जारी रह सकती हैं। उन्होंने कहा कि अगले सप्ताह अत्यधिक शीतलहर की संभावना नहीं है। 

Related Story

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!