Edited By Seema Sharma,Updated: 30 Jun, 2021 12:08 PM
कांग्रेस की पंजाब इकाई में कलह को दूर करने के लिए चल रहे प्रयासों के बीच पूर्व मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने बुधवार को पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात की। सिद्धू ने ट्वीट कर खुद इसकी जानकारी दी। सिद्धू ने फोटो शेयर करते हुए लिखा, एक...
नेशनल डेस्क: कांग्रेस की पंजाब इकाई में कलह को दूर करने के लिए चल रहे प्रयासों के बीच पूर्व मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने बुधवार को पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात की। सिद्धू ने ट्वीट कर खुद इसकी जानकारी दी। सिद्धू ने फोटो शेयर करते हुए लिखा, एक लंबी मीटिंग प्रियंका गांधी के साथ। बता दें कि इससे पहले बुधवार को सिद्धू ने राहुल गांधी से मुलाकात करनी थी लेकिन यह हो नहीं पाई।
राहुल गांधी मंगलवार को अपने आवास से कार चलाते हुए निकले तो मौके पर मौजूद पत्रकारों ने सिद्धू से उनकी मुलाकात की संभावना को लेकर सवाल किया। इसके जवाब में राहुल ने कहा कि उनकी और सिद्धू की कोई मुलाकात तय नहीं है। वहीं बुधवार को प्रियंका गांधी ने सिद्धू से मुलाकात से पहले राहुल गांधी से उनके आवास पर जाकर मुलाकात की।
सिद्धू से बातचीत के बाद प्रियंका पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के घर उनसे मिलने पहुंची। इसी बीच अटकलें तेज हो गई हैं कि क्या पंजाब में चल रहा सियासी झगड़ा अब खत्म होगा या नहीं। पंजाब में कांग्रेस के भीतर की कलह को दूर करने के प्रयास के तहत राहुल गांधी ने हाल के दिनों में पार्टी के कई नेताओं के साथ मंथन किया था।
पार्टी की तीन सदस्यीय समिति ने भी 100 से अधिक नेताओं और मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के साथ मंत्रणा की थी। नवजोत सिंह सिद्धू ने लंबे समय से मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ था। अब कैप्टन भी सिद्धू के खिलाफ खुलकर सामने आए हैं। बता दें कि दिल्ली में अगले साल 2022 में विधानसभा चुनाव होने हैं और ऐसे में पार्टी का अंदरूनी कलह कांग्रेस को भारी पड़ सकता है।