Edited By Seema Sharma,Updated: 03 Sep, 2018 09:01 AM
इस साल दक्षिण पश्चिम मानसून के बीते 3 महीनों के दौरान देश के 8 राज्यों को छोड़ कर अन्य राज्यों में बारिश का स्तर सामान्य रहा है। बारिश की कमी वाले राज्यों में हरियाणा, पश्चिम बंगाल और झारखंड के अलावा पूर्वोत्तर के 4 राज्य शामिल हैं
नई दिल्ली: इस साल दक्षिण पश्चिम मानसून के बीते 3 महीनों के दौरान देश के 8 राज्यों को छोड़ कर अन्य राज्यों में बारिश का स्तर सामान्य रहा है। बारिश की कमी वाले राज्यों में हरियाणा, पश्चिम बंगाल और झारखंड के अलावा पूर्वोत्तर के 4 राज्य शामिल हैं, जबकि सिर्फ एक राज्य केरल में सामान्य से अधिक बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार एक जून से एक सितम्बर तक पूरे देश में सामान्य से महज 6 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।
विभाग ने इस अवधि के दौरान देश में बारिश का सामान्य स्तर 721.1 मि.मी. रहने का अनुमान व्यक्त किया था जबकि वास्तव में अभी तक 676.6 मि.मी. बारिश हुई है। विभाग के आंकड़ों के अनुसार हरियाणा, झारखंड, लक्षदीप और पश्चिम बंगाल के अलावा पूर्वोत्तर राज्य मेघालय, असम, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश में सामान्य से काफी कम बारिश हुई।
मौसम विभाग ने दक्षिण पश्चिम मानसून की मौजूदा स्थिति के मद्देनजर सितंबर में अभी लगभग 15 दिन तक इस मानसून के देश में सक्रिय रहने का अनुमान व्यक्त किया है।