Edited By ,Updated: 16 Dec, 2016 01:10 PM
उत्तर भारत के कई हिस्सों में कोहरा छाया रहा, जिसके कारण कई ट्रेनों का परिचालन रद्द कर दिया गया...
नई दिल्ली: उत्तर भारत के कई हिस्सों में कोहरा छाया रहा, जिसके कारण कई ट्रेनों का परिचालन रद्द कर दिया गया और कई के समय में फेरबदल करना पड़ा। राष्ट्रीय राजधानी में आज न्यूनतम तापमान में गिरावट जारी रही जहां पारा सामान्य से एक डिग्री नीचे 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कोहरे से 98 ट्रेनें हुई रद्द
खराब मौसम के चलते रेल यातायात प्रभावित रहा जहां उत्तर की आेर जा रही 24 ट्रेनें कई घंटे देरी से चली, वहीं 98 ट्रेनें रद्द भी की गई। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि 8 ट्रेनों के समय में परिवर्तन किया गया। दृश्यता सामान्य रहने से विमान संचालन अप्रभावित रहा। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार सुबह साढ़े 8 बजे सफदरजंग वेधशाला और पालम वेधशाला दोनों में दृश्यता 1,000 मीटर दर्ज की गई। अधिकारी ने कहा कि आज आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान के 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
गुरुवार का तापमान
गौरतलब है कि गुरुवार को कोहरे की वजह से 53 ट्रेनें लेट रहीं और 23 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया। जबकि 13 ट्रेनों को रद्द भी किया गया था। गुरुवार को राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे से 3 घरेलू फ्लाइट्स लेट थीं जबकि 1 घरेलू उड़ान को रद्द किया गया था. वहीं 5 इंटरनेशनल फ्लाइट लेट रहीं।