Edited By Anu Malhotra,Updated: 27 May, 2026 11:26 AM

Sri Padmanabhaswamy Temple: भगवान श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर से कथित तौर पर गायब हुए सोने और कीमती आभूषणों को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। खबरों के मुताबिक, पुलिस ने मंदिर के अमूल्य खजानों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है।
Sri Padmanabhaswamy Temple: भगवान श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर से कथित तौर पर गायब हुए सोने और कीमती आभूषणों को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। खबरों के मुताबिक, पुलिस ने मंदिर के अमूल्य खजानों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। मंदिर के संग्रह से भक्तों द्वारा दान किया गया लगभग 78 ग्राम सोना और 'वैरा नामा' नामक हीरे का आभूषण गायब बताया जा रहा है। इस मामले को अत्यंत संवेदनशील बताते हुए राज्य पुलिस प्रमुख ने गृह सचिव को स्थिति का विस्तृत विवरण देते हुए एक रिपोटर् सौंपी है। रिपोटर् में आगे दावा किया गया है कि गर्भगृह में पारंपरिक रूप से रखा जाने वाला हीरे जड़ा आभूषण 'वैरा नामा' कुछ समय से लापता है।
आधिकारिक रिकॉर्ड अनुसार, आभूषण को कई महीने पहले मरम्मत के लिए बाहर ले जाया गया था। एक अन्य मामले में, लगभग 6 महीने पहले मरम्मत के लिए हटाया गया सोने का दीपक अभी तक वापस नहीं लौटाया गया है। पुलिस महानिदेशक ने खुफिया प्रमुख द्वारा प्रस्तुत निष्कर्षों पर कारर्वाई करते हुए सदियों पुराने मंदिर के खजाने से बार-बार कथित तौर पर गायब हो रही बहुमूल्य वस्तुओं के बारे में सरकार को सतर्क किया। इस विवाद के बीच, पुलिस महानिदेशक ने मंदिर की बहुमूल्य संपत्तियों की सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से सख्त सुरक्षा संबंधी सिफारिशें जारी की हैं।
इन निर्देशों में भूमिगत तिजोरियों के बाहर रखी सभी सोने-चांदी की वस्तुओं को जल्द से जल्द सुरक्षित कक्षों में स्थानांतरित करना, भक्तों द्वारा चढ़ाए गए सभी चढ़ावों को लॉकर में सुरक्षित रखना और बहुमूल्य वस्तुओं की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना शामिल है। सिफारिशों में मंदिर परिसर के भीतर कड़ी सुरक्षा जांच का भी आह्वान किया गया है, जिसमें कहा गया है कि उचित जांच के बिना किसी भी व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
पुलिस अधिकारियों ने मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार से तत्काल हस्तक्षेप का अनुरोध किया है। ये नए आरोप सबरीमाला मंदिर में कथित अनियमितताओं से जुड़ी पिछली खबरों के संदर्भ में सामने आए हैं, जहां सोने से संबंधित गड़बड़ियों ने विवाद खड़ा कर दिया था। पिछले कुछ महीनों में केरल के अन्य मंदिरों में भी सोने और नकदी के कथित नुकसान की ऐसी ही खबरें सामने आई हैं।