Edited By Monika Jamwal,Updated: 07 Jan, 2019 04:47 PM
साम्बा जिला की सुम्ब ब्लॉक के चनूरी गांव में पानी की किल्लत से गुस्साए लोगों ने पी.एच.ई. विभाग के खिलाफ खाली बर्तन लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।
साम्बा : साम्बा जिला की सुम्ब ब्लॉक के चनूरी गांव में पानी की किल्लत से गुस्साए लोगों ने पी.एच.ई. विभाग के खिलाफ खाली बर्तन लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारी लोगों ने पी.एच.ई. विभाग पर उनके गांव के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले 25 सालों से व पी.एच.ई. के पानी को तरस रहे हैं, लेकिन उनकी तरफ विभाग कोई ध्यान ही नहीं देता है, जिसके चलते पूरा गांव एक हैंडपंप पर ही निर्भर हो गया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि साम्बा जिला के इन दूर-दराज के गांवों में विकास की एक किरण तक नहीं पहुंची है और सच्चाई यह है कि इन्हें आज तक पी.एच.ई. के पानी की बूंद तक नसीब नहीं हो पाई है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पिछली सरकारों के विधायकों व मंत्रियों के दावों की हवा इस चनूरी गांव में आकर पूरी तरह सेे खोखली हो जाती है। उन्होंने कहा कि सिर्फ एक हैंडपंप के सहारे सैकड़ों घर अपना गुजारा करते हैं, जबकि अगर कभी व खराब हो जाता है तो सिर्फ खड्डों का ही गंदा पानी पीकर गुजारा करना पड़ता है।