Edited By Monika Jamwal,Updated: 03 May, 2018 04:32 PM
विधायक मोहम्मद युसूफ भट्ट के घर पर संदिग्ध आतंकियों ने पेट्रोल बम से हमला किया। भट्ट शोपियां विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।
श्रीनगरः शरारती तत्वों ने आज शोपियां में पीडीपी विधायक मोहम्मद यूसुफ भट्ट के पैतृक घर पर एक पेट्रोल बम फेंका। पुलिस के अनुसार घटना के वक्त भट्ट अपने घर में नहीं थे। वहां तैनात सुरक्षाकर्मी ने तत्काल इसकी जानकरी अग्निशमन विभाग को दी और आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस ने बताया कि इस घटना में एक खिड़की क्षतिग्रस्त हो गई।
भट्ट ने बताया, ‘‘शरारती तत्वों ने आज शोपियां में मेरे घर पर एक पेट्रोल बम फेंका।’’ उन्होंने कहा कि घटना के समय वह घर पर नहीं थे और किसी नुकसान के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गयी है और नुकसान का जायजा ले रही है। इसके पहले अक्तूबर 2016 में आतंकवादियों ने भट्ट के निवास को निशाना बनाते हुए एक हथगोला फेंका था। अगस्त 2016 में उनके घर के अंदर एक पुलिस नाके को भीड़ ने आग लगा दी थी।