Edited By Anu Malhotra,Updated: 18 May, 2026 08:10 AM

18 May/ Petrol-Diesel Price: पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल का असर भारत के ईंधन बाजार पर लगातार दिखाई दे रहा है। हालांकि, घरेलू तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने आम लोगों को फिलहाल राहत...
18 May/ Petrol-Diesel Price: पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल का असर भारत के ईंधन बाजार पर लगातार दिखाई दे रहा है। हालांकि, घरेलू तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने आम लोगों को फिलहाल राहत देते हुए पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार तीसरे दिन कोई बदलाव नहीं किया है। इससे पहले 15 मई को देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में ₹3 प्रति लीटर की बड़ी बढ़ोतरी की गई थी। वहीं, एक्सपर्ट मान रहे हैं कि आने वाले दिनों में फिर से कीमतें बढ़ सकती हैं।
कच्चा तेल $105-$110 प्रति बैरल के बीच
अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड और अन्य प्रमुख कच्चे तेल की कीमतें फिलहाल 105 से 110 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बनी हुई हैं। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और सप्लाई को लेकर बनी अनिश्चितता के कारण वैश्विक बाजार में तेल महंगा हो रहा है। इसका सीधा असर भारत जैसे आयात पर निर्भर देशों पर पड़ता है। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से खरीदता है, इसलिए अंतरराष्ट्रीय कीमतों में हर बदलाव घरेलू पेट्रोल-डीजल के रेट पर असर डालता है।
आज के पेट्रोल के ताजा रेट (₹/लीटर)
नई दिल्ली - ₹97.77
मुंबई - ₹106.68
कोलकाता - ₹108.70
चेन्नई - ₹103.67
नोएडा - ₹97.76
गुरुग्राम - ₹98.47
बेंगलुरु - ₹106.17
हैदराबाद - ₹110.89
जयपुर - ₹107.61
पटना- ₹108.92
लखनऊ - ₹97.72
चंडीगढ़ - ₹97.27
भुवनेश्वर - ₹104.57
तिरुवनंतपुरम - ₹110.61
आज के डीजल के ताजा रेट (₹/लीटर)
नई दिल्ली - ₹90.67
मुंबई - ₹93.14
कोलकाता - ₹95.13
चेन्नई - ₹95.25
नोएडा - ₹90.99
गुरुग्राम - ₹90.94
बेंगलुरु- ₹94.10
हैदराबाद - ₹98.96
जयपुर - ₹92.90
पटना - ₹94.97
लखनऊ - ₹91.01
चंडीगढ़ - ₹85.25
भुवनेश्वर - ₹96.11
तिरुवनंतपुरम - ₹99.38
भारत में पेट्रोल-डीजल महंगा क्यों?
भारत में ईंधन की कीमतें केवल कच्चे तेल के दाम पर निर्भर नहीं करतीं। इसमें केंद्र और राज्य सरकारों के टैक्स, ट्रांसपोर्ट लागत, डीलर कमीशन और डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति भी शामिल होती है। यही वजह है कि कई पड़ोसी देशों की तुलना में भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतें अधिक दिखाई देती हैं। खासकर राज्यों के अलग-अलग वैट (VAT) के कारण हर शहर में रेट अलग होते हैं।
₹8 से ₹10 प्रति लीटर तक बढ़ सकते दाम
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि पश्चिम एशिया में तनाव कम नहीं हुआ और होर्मुज स्ट्रेट से सप्लाई प्रभावित होती रही, तो अगले कुछ हफ्तों में पेट्रोल और डीजल के दाम धीरे-धीरे और बढ़ सकते हैं। अनुमान है कि चरणबद्ध तरीके से कीमतों में ₹8 से ₹10 प्रति लीटर तक का अतिरिक्त इजाफा देखने को मिल सकता है।
क्या आम लोगों पर पड़ेगा असर?
ईंधन महंगा होने से ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ता है, जिसका असर खाने-पीने की चीजों, सब्जियों, दूध और रोजमर्रा के सामान की कीमतों पर भी पड़ सकता है। ऐसे में आम लोगों की जेब पर आने वाले समय में अतिरिक्त बोझ बढ़ने की आशंका है।