Edited By Monika Jamwal,Updated: 13 Sep, 2018 11:50 AM
बकाया वेतन जारी करने की मांग को लेकर पर पी.एच.ई. विभाग के अस्थायी कर्मियों ने रियासत के प्रवेशद्वार लखनपुर से हुंकार भरते हुए पानी की आपूर्ति पूरी तरह से ठप्प करने की चेतावनी दी है।
कठुआ : बकाया वेतन जारी करने की मांग को लेकर पर पी.एच.ई. विभाग के अस्थायी कर्मियों ने रियासत के प्रवेशद्वार लखनपुर से हुंकार भरते हुए पानी की आपूर्ति पूरी तरह से ठप्प करने की चेतावनी दी है। विभाग के कर्मियों ने संभाग स्तर पर लखनपुर से रैली का आयोजन किया। यह रोष रैली पैदल ही लखनपुर से होती हुई हटली मोड़ से कठुआ शहर के मुखर्जी चौक, शहीदी चौक से होकर पी.एच.ई. विभाग के कार्यालय में सम्पन्न हुई। इस रैली मेें कठुआ के अलावा सांबा, जम्मू सहित अन्य कई इलाकों से आए यूनियन के नेताओं और कर्मियों ने भाग लिया। वर्करों ने कांग्रेस, पीडीपी और नैकां के साथ साथ भाजपा के विधायकों पर निशाना साधा है। वर्करों ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि भाजपा के विधायक जिन्होंने जम्मू संभाग से बहुमत हासिल किया है वे ही उनकी समस्याओं का समाधान करवाएंगे लेकिन ऐसा कुछ नहीं किया गया।
यूनियन के तनवीर हुसैन ने कहा कि पिछले छह दिनों से उन्हें संघर्ष करना पड़ रहा है। लखनपुर से वे कठुआ तक रैली निकाल सरकार को चेताने का प्रयास कर रहे हैं कि अगर राज्य के राज्यपाल और विभाग के अधिकारी को बता देना चाहते हैं कि अगर उनकी मांगों पर गौर न किया गया तो वह राज्य में पूरी तरह से पानी की आपूर्ति ठप कर देंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें न तो ईद, रक्षाबंधन और जन्माष्टमी जैसे पर्वों पर वेतन दिया गया और न ही अब वेतन देने को लेकर सरकार गंभीर दिख रही है। उन्होंने कहा कि अगर विभिन्न विभागों के हड़ताली कर्मी एकत्रित हो गए तो सरकार की ईंट से ईंट बजा देंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायकों ने भी उनकी कोई सुध नहीं ली। इस बार आगामी चुनावों में ऐसे प्रतिनिधियों को धूल चटा दी जाएगी। क्योंकि यह लोग हमारे मामलों को सुलझाने में पूरी तरह से विफल साबित हुए हैं। सरकार ने अगर उनकी मांगों पर गौर न किया तो वह आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।