Edited By Seema Sharma,Updated: 21 Apr, 2019 02:03 PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मेरी सरकार सत्ता में वापस आएगी लेकिन अगर गुजरात ने भाजपा को 26 सीटें नहीं दी तो 23 मई को टीवी पर चर्चा होगी कि ऐसा क्यों हुआ। उन्होंने कहा कि यह मेरे गृह राज्य के लोगों का कर्तव्य है कि ‘‘धरती के पुत्र'' की देखभाल...
अहमदाबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि उन्होंने आतंकवाद का सफाया करने का निर्णय लिया है और इसके लिए उन्हें अपनी कुर्सी की भी परवाह नहीं है। मोदी ने आज अपने गृह राज्य गुजरात में चुनाव प्रचार के अंतिम दिन पाटन में सत्तारूढ़ भाजपा की चुनावी सभा में कहा आतंकवाद ने 40 साल में हिन्दुस्तान के लोगों का आंसू सूखने नहीं दिया। इसके चलते आए दिन जवानों के शव तिरंगे में लपेट कर आते थे। मंदिरों के बाहर तक पुलिस तैनात करनी पड़ी। उन्होंने देश में आतंकवाद के प्रसार के लिए पूववर्ती कांग्रेसी सरकारों के नरम रवैये को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि हमे सोचना होगा कि देश की यह दुर्दशा किसने की। पहले देश के कोने-कोने में आए दिन बम धमाके और दंगे होते थे।
पीएम मोदी के संबोधन के प्रमुख अंश
- मुंबई में इतना बड़ा हमला हुआ पर दो दिन कैंडल मार्च के बाद सरकार ने कुछ नहीं किया। मोदी ने कहा, ‘मैने तय कि इस कुर्सी को रहना है तो रहे या जाए पर या तो मै रहूंगा या आतंकी रहेंगे।
- देश भर में बम धमाके करने वाले आतंकियों को कश्मीर के दो दो ढाई जिलों तक सीमित कर दिया गया है। ऐसा नहीं है कि आतंकवादी सुधर गए हैं। उनकी कोशिश चालू है। वे कुछ कर नहीं पा रहे। हां एक सौ बार प्रयास करने पर एक आध घटनाएं कर पाते हैं।'
- प्रधानमंत्री ने पुलवामा आतंकी हमले के बाद हुए एरियल स्ट्राइक की चर्चा करते हुए कहा कि पाकिस्तान को अंदाजा भी नहीं था कि यह ऐसा होगा। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि पुलवामा हमले के बाद पाकिस्तान सोच रहा था कि मोदी कहां से हमला करेगा।
- आज शरद पवार ने कहा है कि मोदी क्या करने वाला होता है किसी को पता नहीं चल पाता। अगर पवार को नहीं समझ पड़ती तो इमरान खान को कहां से पड़ेगी। मै तो हनुमान जी का भगत हूं। सेना ने एरियल स्ट्राइक किया और खेल खत्म।
- भारत ने पाकिस्तान का विमान भी गिरा दिया और हमारे पकड़े गए पायलट को उसे लौटाना पड़ा। हमने चेतावनी दी थी कि उसे एक खरोंच तक नहीं आनी चाहिए। अमेरिका के एक प्रवक्ता ने तब कहा था कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो भारत कोई बड़ी कारर्वाई कर देगा। मोदी एक साथ 12 मिसाइल से हमला कर देगा। यह अच्छा हुआ वापस कर दिया वरना यह कत्ल की रात होती।
- एयर स्ट्राइक का सबूत मांग रही विपक्षी पार्टी ने पहले और दूसरे चरण के चुनाव के बाद ऐसा करना बंद कर दिया है। उन्हें सूचना मिल गई है कि ऐसा करने से जनता नाराज हो रही है। देश की सेना और इसके पराक्रम पर भरोसा नहीं करने वाली और सेना प्रमुख को गुंडा कहने वाली कांग्रेस अब सबूत मांगने के मामले में ढीली हो गई है।
- प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शासन में 1985 के बाद से, जब देश की सुरक्षा जरूरतें बढ़ रहीं थीं, एक भी नई तोप सेना को नहीं दी गई। उनकी सरकार में तोप और टैंक आदि के तीन कारखाने देश में हैं जिनमें से एक गुजरात के हाजिरा में है।
- सेना को अब ऐसा टैंक दिया गया है जो 48 किमी तक गोला फेंक सकता है यानी गुजरात के नाडाबेट से सीधे पाकिस्तान के अंदर हमला किया जा सकता है।
- 23 मई को परिणाम आए तो फिर एक बार मोदी सरकार बननी तय है पर अगर कही ऐसा नहीं हुआ तो टीवी पर और कहीं की नहीं बल्कि यही चर्चा होगी कि गुजरात में क्या हुआ। क्या आप ऐसा होने दोगे। घर के लड़के की जिम्मेदारी किसकी है।'
- उन्होंने सेना के पूर्व प्रमुख जनरल करियप्पा का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्हें भी तभी सबसे अधिक आनंद मिलता है जब अपने घर में सम्मानित किया जाता है। इससे नई ऊर्जा और देश के लिए और कुछ करने की प्रेरणा भी मिलती है।
पीएम मोदी 22 अप्रैल रात को फिर से गुजरात आएंगे और अगली सुबह अपना वोट डालेंगे। गुजरात में मोदी ने अब तक जूनागढ़, सोनगढ़, अमरेली, हिम्मतनगर, सुरेंद्रनगर और आणंद में रैलियां की हैं।
इस बार भाजपा के लिए गांधीनगर सीट पर मतदान काफी महत्वपूर्ण होगा क्योंकि यहां से भाजपा अध्यक्ष अमित शाह चुनाव लड़ रहे हैं। इस बार भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण अडवाणी की जगह शाह को यहां से टिकट दिया गया है।