Edited By Punjab Kesari,Updated: 07 Mar, 2018 01:19 PM
विश्व हिंदू परिषद के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया की कार को आज एक ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में तोगड़िया बाल-बाल बच गए। ट्रक ने पीछे से कार को टक्कर मारी। वे वडोदरा जा रहे थे। इसी रास्ते में सूरत में यह हादसा हो गया। इस हादसे में...
सूरत: विश्व हिंदू परिषद के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया की कार को आज एक ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में तोगड़िया बाल-बाल बच गए। ट्रक ने पीछे से कार को टक्कर मारी। वे वडोदरा जा रहे थे। इसी रास्ते में सूरत में यह हादसा हो गया। इस हादसे में तोगड़िया की बुलेट प्रूफ गाड़ी के शीशे टूट गए। वहीं तोगड़िया ने इस हादसे के बाद कहा कि यह महज दुर्घटना नहीं है, हो सकता है यह मेरी हत्या की साजिश हो। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर बुलेट प्रूफ गाड़ी न होती तो मेरा बचना मुश्किल था।
उल्लेखनीय है कि इसी साल जनवरी में तोगड़िया अचानक गायब हो गए थे जिससे काफी हड़कंप मच गया था। तोगड़िया जब अपने घर से निकले तो करीब 11 घंटे के बाद वे अहमदाबाद के एक इलाके में बेहोश अवस्था में मिले थे। होश में आने के बाद तोगड़िया ने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा था कि उनके एनकाउंटर की साजिश रची जा रही है। इस दौरान वे मीडिया के सामने रो भी पड़े थे।