Edited By Pardeep,Updated: 27 Jul, 2020 01:05 AM
दिल्ली के लुटियंस जोन में स्थित अपना सरकारी बंगला खाली करने की एक अगस्त की समय सीमा से पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भाजपा नेता अनिल बलूनी को चाय पर आमंत्रित किया है। दरअसल, यह बंगला बलूनी को ही आवंटित हुआ ..
नई दिल्लीः दिल्ली के लुटियंस जोन में स्थित अपना सरकारी बंगला खाली करने की एक अगस्त की समय सीमा से पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भाजपा नेता अनिल बलूनी को चाय पर आमंत्रित किया है। दरअसल, यह बंगला बलूनी को ही आवंटित हुआ है। सूत्रों ने यह जानकारी दी है।
समझा जाता है कि भाजपा के राज्यसभा सदस्य को रविवार को आमंत्रण भेज कर उनकी सहूलियत जानने और इसकी पुष्टि करने की कोशिश की गई है। इस बाबत बलूनी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन कॉल का जवाब नहीं दिया। प्रियंका गांधी 35, लोधी एस्टेट स्थित आवास खाली करने की प्रक्रिया में हैं।
शहरी विकास मंत्रालय ने एक जुलाई को उन्हें नोटिस जारी कर उनसे एक अगस्त तक बंगला खाली करने को कहा था क्योंकि पिछले साल उनका सुरक्षा कवर घटाने के बाद वह इसके लिए योग्य नहीं रह गई हैं। समझा जाता है कि उन्होंने दिल्ली में एक मकान देख रहा है और वह वहां जल्द ही रहने के लिए चली जाएंगी। सूत्रों ने बताया कि उन्होंने गुड़गांव सेक्टर 42 की एक रिहायशी सोसाइटी स्थित एक मकान में अपना कुछ सामान भेजा है, लेकिन वह वहां नहीं रहेंगी। उन्होंने बताया कि गुड़गांव के मकान का इस्तेमाल उनके बच्चे कभी-कभी किया करते हैं और वह मध्य दिल्ली में ही रहेंगी।