Edited By Monika Jamwal,Updated: 26 Dec, 2018 03:25 PM
लेबर कार्ड नहीं बनने से परेशान 300 से अधिक मजदूर वर्ग से संबधित लोगों ने जिला मुख्यालय नंदनी में असिस्टैंट लेबर कमिश्नर के दफ्तर के भीतर धरना प्रदर्शन करके जमकर हंगामा किया।
साम्बा : लेबर कार्ड नहीं बनने से परेशान 300 से अधिक मजदूर वर्ग से संबधित लोगों ने जिला मुख्यालय नंदनी में असिस्टैंट लेबर कमिश्नर के दफ्तर के भीतर धरना प्रदर्शन करके जमकर हंगामा किया। इस मौके पर प्रदर्शन की अगुवाई भाजपा जिला प्रधान जंगवीर सिंह चीकू ने की। करीब 300 लोग लेबर कमिश्नर के दफ्तर में अपने काम करवाने के लिए पहुंच गए थे। उनके काम नहीं होने पर लोग वहीं पर धरना प्रदर्शन करने के लिए बैठ गए, जिसमें उनका समर्थन करने के लिए भाजपा जिला प्रधान सहित अन्य नेतागण पहुंच गए और असिस्टैंट लेबर कमिश्नर के समक्ष ही जमकर नारेबाजी की।
उन्होंने विभाग पर लेबर कार्ड नहीं बनाने का आरोप लगाया। प्रदर्शन लोगों ने कहा कि विभाग के दफ्तर में अपने लेबर कार्ड बनाने के लिए आते हैं, परंतु अधिकारी उनकी फाइलों पर तरह तरह की कमियां निकालकर उसे बाहर फैंक देते हैं। उन्होंने कहा कि ए.एल.सी. उनसे यह मांग करते हैं कि इस ठेकेदार की मुहर लगी फाइल नहीं चाहिए, लेकिन उसके बदले में यह भी नहीं बताते कि व किसकी मुहर लगाकर जाएं।
भाजपा जिला प्रधान जंगवीर सिंह चीकू ने कहा कि केंद्र सरकार ने दिहाड़ीदार लोगों के लिए लेबर कार्ड बनाने की स्कीम शुरू की है, जिसमें गरीब परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई और शादी के दौरान होने वाले खर्चे को लेबर कार्ड के माध्यम से सरकार से ले सकते हैं, परंतु तानाशाह अधिकारी गरीब लोगों की फाइलें ही बाहर फैंक देते हैं, जिसे अब सहन नहीं किया जाएगा। जंगवीर सिंह ने कहा कि अगर इन गरीब लोगों के लेबर कार्ड नहीं बने तो व सडक़ों पर उतरकर इन लोगों के साथ प्रदर्शन करेंगे।