Edited By vasudha,Updated: 05 Apr, 2018 12:57 PM
कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी चुनाव प्रचार में जुट गए हैंं। राज्य में कांग्रेस की सत्ता को बरकरार रखना उनके लिए बड़ी चुनौती है जिसके मद्देनजर वह पिछले कुछ समय से कर्नाटक दौरे पर हैं...
नेशनल डेस्क: कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी चुनाव प्रचार में जुट गए हैंं। राज्य में कांग्रेस की सत्ता को बरकरार रखना उनके लिए बड़ी चुनौती है जिसके मद्देनजर वह पिछले कुछ समय से कर्नाटक दौरे पर हैं। अपनी इस यात्रा के दौरान वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लगातार निशाना साध रहे हैं। इसी बीच उनका अलग ही अंदाज देखने को मिला। कांग्रेस अध्यक्ष कर्नाटक के दावणगेरे में खास डोसे का स्वाद चखते नजर आए। इस दौरान वह सड़क पर टहलते हुए भी दिखाई दिए।
दरअसल व्यापारियों से बातचीत के बाद राहुल अपनी थकान मिटाने के लिए चर्च रोड के पास विजी बटर डोसा होटल पहुंचे। वहां उन्होंने स्पेशल डोसा का लुत्फ उठाया। उनके साथ कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और अन्य वरिष्ठ कांग्रेस के नेताओं ने भी डोसा चखा। यही नहीं कांग्रेस अध्यक्ष ने कॉफी पीते-पीते होटल और उसके आसपास की दुकानों के लोगों से भी बातचीत की। दुकानदार विजय के लिए यह पल उस समय यादगार बन गया जब राहुल ने उसके डोसे की तारीफ की।
बता दें कि गुजरात चुनावी दौरे में कांग्रेस अध्यक्ष ने गुजराती खाने का मजा लिया था। वह लोकल पाव भाजी स्टॉल में पेट पूजा करते दिखाई दिए थे। इस दौरान उन्होंने बताया था कि उन्हें गुजराती व्यंजन काफी पसंद हैं और उनके घर पर भी बहुत चीजें मौजूद रहती हैं। वहीं कर्नाटक में इंदिरा कैंटीन के उद्घाटन पर भी राहुल गांधी अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ डोसा आदि खाते दिखे थे।