Edited By vasudha,Updated: 18 Jan, 2019 01:20 PM
लोकसभा चुनाओं के मद्देनजर तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शनिवार को संयुक्त विपक्षी रैली करने जा रही है। इस रैली के लिए ममता विपक्ष के नेताओं को एकजुट करने की कोशिश में जुट गई है...
नेशनल डेस्क: लोकसभा चुनाओं के मद्देनजर तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शनिवार को संयुक्त विपक्षी रैली करने जा रही है। इस रैली के लिए ममता विपक्ष के नेताओं को एकजुट करने की कोशिश में जुट गई है। वहीं रैली से एक दिन पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री के समर्थन में चिट्ठी लिखी है।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने विपक्षी एकजुटता के ममता बनर्जी के प्रयास का समर्थन करते हुए उम्मीद जताई कि इस रैली से एकजुट भारत का शक्तिशाली सन्देश जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरा विपक्ष इस विश्वास के प्रति एकजुट है कि सच्चे राष्ट्रवाद और विकास की रक्षा लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता जैसे उन मूल्यों के आधार पर करनी है जिनको नरेंद्र मोदी सरकार नष्ट कर रही है।
ममता को भेजे सन्देश में कहा कि हम बंगाल के लोगों की सराहना करते हैं जो ऐतिहासिक रूप से हमारे इन मूल्यों की रक्षा करने में आगे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं यह एकजुटता दिखाने पर ममता दी का समर्थन करता हूं और आशा करता हूं कि हम एकजुट भारत का शक्तिशाली सन्देश देंगे। गौरतलब है कि शनिवार को कोलकाता में ममता ने विपक्ष की रैली का आयोजन किया है जिसमें कांग्रेस की ओर से मल्लिकार्जुन खडग़े भाग लेंगे।
इस विशाल रैली में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, एच डी कुमारस्वामी, एन. चंद्रबाबू नायडू, पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौड़ा, पूर्व मुख्यमंत्री फारुक अब्दुल्ला, उमर अब्दुल्ला और अखिलेश यादव, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव, द्रविड़ मुनेत्र कडग़म (द्रमुक) के एम के स्टालिन के अलावा भाजपा के असंतुष्ट सांसद शत्रुघ्न सिन्हा शामिल होने वाले हैं। लोकसभा में विपक्ष के नेता एवं कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खडग़े और पार्टी नेता अभिषेक मनु सिंघवी भी रैली में हिस्सा लेंगे।