Edited By ,Updated: 06 Jun, 2016 04:43 PM
रेलवे ने महज दो घंटे चालीस मिनट में एक अंडरपास बनाकर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया है...
रांची (झारखंड): रेलवे ने महज दो घंटे चालीस मिनट में एक अंडरपास बनाकर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया है। झारखंड के कर्रा-गोविंदपुर के बीच सिंगल लाइन पर लो हाइट सब-वे (एलएचएस) बनाया गया है। इससे पहले, रेलवे ने लोधमा और कर्रा के बीच महज 3.15 घंटे में अंडरपास बनाया था।
1.10 करोड़ रुपए खर्च, 100 लगे मजदूर....
रेलवे ऑफिसर्स ने बताया कि रेलवे इंजीनियरों ने रविवार सुबह 8.50 बजे काम शुरू किया और 11.30 मिनट पर पूरा कर दिया। रेलवे को इसके लिए चार घंटे का समय मिला था। इस दौरान एक घंटे के लिए सिर्फ तपस्विनी एक्सप्रेस को रिशेड्यूल किया गया। अंडरपास बनाने में 100 मजदूर लगाए गए और रेलवे ने इसके लिए 1.10 करोड़ रुपए खर्च किए।
तीन क्रेन, चार जेसीबी और...
रिकॉर्ड टाइम में अंडरपास बनाने के लिए तीन क्रेन, चार जेसीबी मशीन, तीन पोकलेन और चार ट्रैक्टर को लगाया गया। इंजीनियरों से लेकर मजदूरों तक को पता था कि किसे कब और कैसे काम करना है। इसलिए ज्यादा समय रहते हुए भी कम समय में काम पूरा हुआ। इस दौरान रेलवे ट्रैक को उठाया गया। मिट्टी कटाई हुई और 35 टन के सीमेंट के स्ट्रक्चर लगाने की प्रॉसेस 2 घंटे 40 मिनट में पूरी कर ली गई।
अभी ऐसे 49 अंडरपास और बनेंगे
रांची रेल मंडल के डीआरएम दीपक कश्यप ने कहा कि पूरे इंडियन रेलवे में लो हाइट सबवे बनाने का नया रिकॉर्ड रांची रेल मंडल के नाम दर्ज हुआ, जो गौरव की बात है। डीआरएम ने कहा कि इस अंडरपास के बन जाने से आसपास के करीब 10 हजार लोगों को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि ऐसे 49 और अंडरपास बनने हैं।