Edited By Monika Jamwal,Updated: 23 Jun, 2018 06:56 PM
कांग्रेस नेता सैफुदीन सोज ने एक बार फिर विवादित बयान दे डाला है।
श्रीनगर: कांग्रेस नेता सैफुदीन सोज ने एक बार फिर विवादित बयान दे डाला है। इस बार उन्होंने यह कह डाला कि सरदार पटेल चाहते थे कि कश्मीर पाकिस्तान को दे दिया जाए पर जवाहरलाल नेहरू नहीं माने थे। सोज ने यह भी कहा कि पटेल आखिरी दम तक कश्मीर पाकिस्तान को दे देना चाहते थे। इससे पहले सोज ने कहा था कि कश्मीर के लोग आजादी चाहते हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सोज ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच शांति जरूरी है और उसके लिए आवश्यक है कि कश्मीर का बार्डर नहीं बदले। कश्मीर पर अपनी किताब को लेकर चर्चा में आए सोज ने कहा कि, मैने किताब में ऐसा कुछ नहीं लिखा है जिससे कांग्रेस नाराज हो। मैने लिखा है कि सरदार पटेल चाहते थे कि कश्मीर पाकिस्तान को सौंप दिया जाए लेकि नेहरू कश्मीर को भारत के साथ रखने के पक्ष में थे।
आजादी की बात पर तर्क
सोज ने कश्मीर की आजादी वाले बयान पर भी तर्क दिया। उन्होंने कहा कि मैने सिर्फ यह लिखा है कि कश्मीर के लोगों को अगर पूछा जाए तो वे नामुमकिन बात बता देंगे, जो मुमकिन नहीं है। आजादी की बात तो मैने मुशर्रफ के बयान के तर्क में लिखी है। उन्होंने कहा कि लोगों की पहली प्राथमिकता आजादी है। उन्होंने यह भी दावा किया कि अटल बिहारी वाजपेयी और मनमोहन सिंह भी इस बात को अच्छे से समझते हैं पर इसे हल नहीं कर पाए। सोज ने कहा कश्मीरी जनता दोनों मुल्कों से अलग होना चाहती है। कांग्रेस ने सोज के बयान से किनारा किया है।
बीजेपी का जवाब
भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने सोज के बयान को सरदार पटेल का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सोज के बयान से यूं किनारा नहीं कर सकती है। कांग्रेस को उन पर कार्रवाई करनी चाहिये।