SBI बैंक के मैनेजर ने मृतक ग्राहक के खाते से अपने बेटे के अकाउंट में ट्रांसफर किए 61.57 लाख रुपए

Edited By Updated: 28 Sep, 2026 12:31 PM

sbi fraud case mysuru state bank of india av kulkarni bank chief manager fraud

कर्नाटक के मैसूर की एक स्थानीय अदालत ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के पूर्व चीफ़ मैनेजर को धोखाधड़ी का दोषी ठहराया है। आरोपी बैंक अधिकारी ने साल 2005 में एक दिवंगत ग्राहक के बैंक खाते और बैंक के इंटरनल खाते से अनधिकृत तरीके से कुल 61.57 लाख रुपये की...

मैसूर: कर्नाटक के मैसूर की एक स्थानीय अदालत ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के पूर्व चीफ़ मैनेजर को धोखाधड़ी का दोषी ठहराया है। आरोपी बैंक अधिकारी ने साल 2005 में एक दिवंगत ग्राहक के बैंक खाते और बैंक के इंटरनल खाते से गलत तरीके से कुल 61.57 लाख रुपये की भारी रकम अपने और अपने बेटे के खातों में ट्रांसफर कर ली थी। अदालत ने उन्हें एक साल की सख़्त क़ैद और 50,000 रुपये का जुर्माना भरने की सज़ा सुनाई है।

क्या है पूरा मामला?
मामला मैसूर स्थित SBI की चामुंडीपुरम शाखा का है। आरोपी अनिरुद्ध वसंतराव कुलकर्णी 13 मई 2009 से 23 दिसंबर 2011 के दौरान इस शाखा में मुख्य प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। अभियोजन पक्ष द्वारा पेश की गई जानकारी के अनुसार, कुलकर्णी ने स्वर्गीय कृष्णा अय्यर नामक एक ग्राहक के बैंक खाते से 40.53 लाख रुपये ट्रांसफर किए। कृष्णा अय्यर का निधन अप्रैल 2005 में ही हो गया था।  इसके अलावा, आरोपी ने बैंक के एक और आंतरिक खाते से भी 21.04 लाख रुपये अवैध रूप से ट्रांसफर किए। इन दोनों खातों से कुल 61.57 लाख रुपये की राशि कुलकर्णी और उनके बेटे के निजी बैंक खातों में भेजी गई, जिसे बाद में निकाल भी लिया गया।

आंतरिक जांच में खुला राज, लौटाए पैसे
बैंकिंग प्रणाली की आंतरिक जांच और वरिष्ठ अधिकारियों की ऑडिट प्रक्रिया के दौरान इस बड़ी हेराफेरी का पर्दाफाश हुआ। जांच में जब गड़बड़ी पकड़ी गई, तो आरोपी कुलकर्णी ने धोखाधड़ी से पैसे निकालने की बात स्वीकार कर ली और बाद में बैंक को लगभग 62 लाख रुपये की पूरी रकम वापस भी लौटा दी।

मामला उजागर होने के बाद मैसूर पुलिस स्टेशन में आधिकारिक शिकायत दर्ज की गई। पुलिस द्वारा विस्तृत जांच के बाद अदालत में चार्जशीट दाखिल की गई।दोनों पक्षों की दलीलें और पेश किए गए सबूतों के अवलोकन के बाद, मैसूर की प्रथम अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) अदालत के न्यायाधीश प्रकाश V ने आरोपी कुलकर्णी को भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 409 (लोक सेवक या बैंकर द्वारा आपराधिक विश्वासघात) के तहत दोषी पाया। अदालत ने दोषी को 1 साल की जेल और 50,000 रुपए जुर्माने का आदेश दिया। कोर्ट ने यह भी निर्देश दिया कि जुर्माने की राशि में से 40,000 रुपए SBI बैंक को मुआवजे के रूप में प्रदान किए जाएं।

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!