Edited By Tanuja,Updated: 01 Jun, 2019 05:11 PM
अमेरिका के कार्यवाहक रक्षा मंत्री पैट्रिक शानाहन ने शनिवार को कहा कि उनका देश अपने एक बड़े ‘‘रक्षा साझेदार'''' भारत के साथ अपने सैन्य संबंधों का दायरा बढ़ा रहा है...
इंटरनेशनल डेस्कः अमेरिका के कार्यवाहक रक्षा मंत्री पैट्रिक शानाहन ने शनिवार को कहा कि उनका देश अपने एक बड़े ‘‘रक्षा साझेदार'' भारत के साथ अपने सैन्य संबंधों का दायरा बढ़ा रहा है। भारत-अमेरिका के बीच तेजी से बढ़ती साझेदारी के दो मुख्य क्षेत्र - रक्षा सहयोग और शांति हैं, जिसकी कल्पना (अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड) ट्रंप प्रशासन की हिंद-प्रशांत रणनीति में की गई है।
शानाहन ने सिंगापुर में शांगरी-ला संवाद में अपने संबोधन में कहा, ‘‘बीते दशकों में भारत-अमेरिका रक्षा संबंधों में उल्लेखनीय मजबूती आयी है और भारत अब अमेरिका का महत्वपूर्ण रक्षा साझेदार है। हमारा देश भारत के साथ अपने सैन्य संबंधों का दायरा बढ़ा रहा है इसमें पहली बार इस साल के आखिर में होने वाला सेना के तीनों अंगों (थल सेना, नौसेना और वायुसेना) का अभ्यास भी शामिल है।''
उन्होंने कहा कि पिछले साल संचार, सुसंगतता एवं सुरक्षा समझौता (कॉमकासा) पर हस्ताक्षर करना एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इस समझौते के बाद भारत अमेरिका से अतिमहत्वपूर्ण एवं संवेदनशील रक्षा तकनीक हासिल कर सकेगा।